चालक को साथियों ने मरणासन्न कर दरवाजे पर फेंका,मौत

कौशांबी
पिपरी के नौवापुर गांव के चालक को उसको साथियों ने पार्टी में पीटा। मरणासन्न हालत में सोमवार सुबह उसके दरवाजे पर फेंककर भाग निकले। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। पिता ने उसके साथियों के खिलाफ पिपरी थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अहमदपुर पुरैनी उर्फ नौवापुर निवासी रोहित (27) पुत्र रामनारायण ऑटो चलाकर परिजनों का भरण-पोषण करता था। रविवार शाम करीब पांच बजे वह घर में था। इसी दौरान उसके साथी आए और उसको अपने साथ लेकर चले गए। साथियों ने कहीं पार्टी कर रखी थी। रात भर रोहित गायब रहा। रामनारायण सुबह दरवाजे पर बैठे थे, इसी दौरान वाहन से आए युवक रोहित को मरणासन्न हालत में दरवाजे पर फेंककर भाग निकले। बेटे की हालत को देख रामनारायण के होश उड़ गए। आनन-फानन वह बेटे को लेकर जिला अस्पताल आए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे घर में कोहराम मच गया। रामनारायण ने बेटे की हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Comment

Read More