
हाइलाइट्स
एलन मस्क का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था.
मस्क ने 10 साल की उम्र में कम्यूटर प्रोग्रामिंग सीख ली थी.
साल 2002 में एलन मस्क ने स्पेस एक्स कंपनी बनाई थी.
नई दिल्ली. टेस्ला के सीईओ (Tesla CEO) और ट्विटर के चीफ एलन मस्क (Elon Musk) का आज जन्मदिन है. 28 जून 1971 को जन्मे मस्क आज 52 साल के हो गए. एलन मस्क इस समय दुनिया के सबसे दौलतमंद शख्स बने हुए हैं और उनकी कुल नेटवर्थ 219 अरब डॉलर (ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक) है. इस साल अभी तक उनको 81.8 अरब डॉलर की दौलत का फायदा हो चुका है. मस्क का सपना मंगल ग्रह पर इंसानों की बस्ती बसाना है. वो अपने इस सपने को पूरा करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. आज हम आपको एलन मस्क के बारे में, उनकी जिन्दगी, उनके संघर्ष के बारे में बता रहे हैं.
एलन मस्क का जन्म दक्षिण अफ्रीका में हुआ था. वे 17 साल की उम्र में कनाडा आ गए थे. उन्हें बचपन से ही किताबें पढ़ने का बहुत शौक था. वे बचपन में बहुत शांत स्वभाव के थे, इस कारण दोस्त उन्हें परेशान भी करते थे. एलन ने 10 साल की उम्र में कम्यूटर प्रोग्रामिंग सीख ली थी और 12 साल की उम्र में उन्होंने ‘ब्लास्टर’ नाम से एक वीडियो गेम तैयार कर लिया था, जिसे एक स्थानीय मैग्ज़ीन ने उनसे पांच सौ अमेरिकी डॉलर में ख़रीदा. इसे मस्क की पहली ‘व्यापारिक उपलब्धि’ कहा जा सकता है.
हर सेकेंड कमाते हैं लाखों रुपये
दुनिया के सबसे अमीर इंसान ने जिंदगी के संघर्षों को झेलते हुए कम बोला और ज्यादा किया है. इनकी जिंदगी की कई बातें ऐसी हैं जिनसे हर युवा को सीखना चाहिए. एलन मस्क की कमाई के बारे में कहा जाता है कि वो हर सेकेंड 68 लाख रुपये कमाते हैं. इसके बावजूद उनके मन में नये आइडियाज को लेकर गुंजाइश बनी रहती है.
कैसी रही मस्क की पढ़ाई
दक्षिण अफ्रीका में 28 जून 1971 में जन्मे एलन रीव मस्क दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और अमेरिका के नागरिक हैं. उनकी मां माये मस्क मॉडल और डाइटीशियन थीं, जबकि एरॉल मस्क इलेक्ट्रोमेकेनिकल इंजीनियर थे. एलन मस्क तीन संतानों में सबसे बड़े हैं. उनका बचपन किताबों और कंप्यूटर के बीच बीता. वह 1995 में पीएचडी करने के लिए अमेरिका की सिलिकॉन वैली पहुंचे.उन्होंने यहां की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के अप्लाइड फिजिक्स विभाग में दाखिला लिया, लेकिन दो ही दिन बाद उसे छोड़कर आ गए.
27 साल की उम्र की शुरू की अपनी कंपनी
27 वर्ष की उम्र में मस्क ने एक नई कंपनी स्थापित की जिसका नाम था ‘एक्स डॉट कॉम’ और इस कंपनी का दावा था कि ‘वो पैसा ट्रांसफ़र करने की व्यवस्था में क्रांति लाने वाली है.’ मस्क की इसी कंपनी को आज ‘पे पाल’ के नाम से जाना जाता है जिसे साल 2002 में ई बेय ने ख़रीद लिया था और इसके लिए मस्क को 165 मिलियन डॉलर मिले थे. यह उनके करियर की बड़ी उपलब्धि थी.
2002 में स्पेस एक्स
साल 2002 में एलन मस्क ने स्पेस एक्स कंपनी बनाई थी. स्पेस एक्स ने तब इतिहास रचा था जब 31 मई 2020 को कंपनी ने दुनिया का पहला प्राइवेट ह्यूमन मिशन लॉन्च किया था. इस मिशन के तहत दो एस्ट्रोनॉट रॉबर्ट बेहेनकेन और डगलस हर्ले स्पेस गए थे. करीब 63 दिन अंतरिक्ष में रहने के बाद ये दोनों वापस धरती पर लौटे थे. मस्क की कंपनी ने रियूजेबल रॉकेट टेक्नोलॉजी डेवलप कर सैटेलाइट लॉन्चिंग और दूसरे स्पेस मिशन्स को सस्ता बनाया है.
कितनी दौलत के मालिक हैं मस्क
अगर मस्क की नेटवर्थ की बात की जाए तो उनकी नेटवर्थ 219 अरब डॉलर यानी करीब 18 लाख करोड़ रुपये है. 2020 की शुरुआत में मस्क की नेटवर्थ 30 अरब डॉलर यानी 245 करोड़ रुपये के करीब थी. साल के आखिर तक ये बढ़कर 167 अरब डॉलर यानी करीब 13.6 लाख करोड़ रुपये हो गई. मस्क की टेस्ला में लगभग 20% हिस्सेदारी थी, इसलिए कंपनी के शेयर में उछाल से उनकी नेटवर्थ में इतनी बढ़ोतरी हुई थी. अभी उनकी हिस्सेदारी 13.4% है.
.
Tags: Elon Musk, Twitter, Twitter Blue Tick, World Richest Person
FIRST PUBLISHED : June 28, 2023, 11:59 IST






