
हाइलाइट्स
स्टंप की ऊंचाई होती है 28 इंच, इनके ऊपर लगती हैं बेल्स
अब आए LED लाइट वाले स्टंप्स, गेंद लगते ही ये जगमगाते हैं
नई दिल्ली. Cricket rules: क्रिकेट के खेल में बैट और बॉल के बाद अगर कोई साजोसामान सबसे महत्वपूर्ण है तो वह हैं स्टंप (Stumps). बैट और बॉल की तरह स्टंप की लंबाई क्रिकेट से जुड़े नियमों में तय है. इंटरनेशनल क्रिकेट में स्टंप की लंबाई 28 इंच या 71.12 सेमी होती है. इनके बीच का गैप 9 इंच होना चाहिए. क्रिकेट पिच के दोनों छोरों पर तीन-तीन विकेटों के दो सेट, एक-दूसरे के समानांतर लगाए जाते हैं और इनके ऊपर ‘बेल्स'(Bails) लगती हैं.आईसीसी के नियमों के अनुसार, प्लेइंग सरफेस के ऊपर स्टंप बेलनाकार होगा और इसका व्यास (Diameter) किसी भी स्थिति में 1.38 इंच/3.50 सेमी से कम और 1.5 इंच/3.81 सेमी से अधिक नहीं होना चाहिए.
बेल्स को लेकर नियम कहता हैटकि यह स्टंप्स के ऊपर 0.5 इंच या 1.27 सेमी से अधिक फैली नहीं होनी चाहिए.यह स्टंप्स से बाहर नहीं निकली होनी चाहिए और उनके ऊपर फिट होनी चाहिए. एमसीसी के नियम 29.5 के अनुसार, कुछ खास स्थितियों (तेज हवा चलने जैसी स्थिति)में अम्पायर, बेल्स का उपयोग नहीं करने पर सहमत हो सकते हैं. यदि वे इसके लिए रजामंद होते हैं तो दोनों छोरों के स्टंप्स पर से बेल्स हटा दी जाती हैं. परिस्थितियों के ठीक होने पर फिर से इन्हें विकेट के ऊपर लगा दिया जाता ह.
परंपरागत तौर पर स्टंप्स और बेल्स लकड़ी के बनाए जाते थे लेकिन कई बार मैच के दौरान अम्पायरों के लिए यह पता लगाना मुश्किल हुआ तो बेल्स,गेंद लगने के कारण गिरी या हवा से, इस स्थिति को टालने के लिए खेल में आधुनिक तकनीक के समावेश किया गया. अब स्टंप्स को चमकदार बनाया जाता है और इसमें एलईडी लाइट लगी होती है.गेंद के विकेट से लगते ही बेल्स चमकने लगती है. ICC ने जुलाई 2013 में अंतर्राष्ट्रीय मैचों में इस तरह के चमकदार विकेटों के प्रयोग की इजाजत दी थी.’ज़िंग विकेट सिस्टम’ने अंपायरों की उलझन को कम करने में अहम रोल निभाया है. इसमें बेल्स और विकेट के बीच जैसे ही संपर्क टूटता है, ठीक उसी वक़्त विकेट और बेल्स जगममाने लगते हैं.
इस सिस्टम को ऑस्ट्रेलिया के एक पूर्व क्रिकेटर ब्रोंट एकरमैन ने तैयार किया है, उन्हें अपनी बेटी के एक खिलौने को देखकर इसे बनाने की प्रेरणा मिली. हालांकि इस व्यवस्था के आने से बेल्स का भार काफी बढ़ गया है और खेल के दौरान कुछेक बार ऐसे मौके भी आए कि बॉल ने बेल्स को ऊपर के हिस्से में हिट किया लेकिन बेल्स चमकी भी लेकिन नीचे नहीं गिरीं. फलस्वरूप बैटर आउट होने से बच गया.
.
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 21:17 IST






