
हाइलाइट्स
विराट कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप में किया था शानदार प्रदर्शन.
वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया पहला मैच 8 अक्टूबर को खेलेगी.
नई दिल्ली. विराट कोहली (Virat Kohli) दुनिया के सबसे शानदार बैटर्स में से एक हैं. अपने करियर में विराट ने सिर्फ पहाड़नुमा रिकॉर्ड्स ही नहीं बनाए हैं बल्कि टीम इंडिया को भी बडे़ मंच पर जीत दिलाई हैं. अब कोहली का फोकस वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2023) पर है जहां वह अपना योगदान देकर आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म करना चाहते हैं. वर्ल्ड कप के लिए शेड्यूल जारी हो चुका है, जिसे लेकर विराट कोहली ने अपने विचार साझा किए हैं. उन्होंने बताया वह किस मैदान पर वर्ल्ड कप 2011 की यादें ताजा करना चाहते हैं.
भारतीय टीम ने आखिरी बार वर्ल्ड कप का खिताब 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीता था. फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट कोहली ने 35 रन की अहम पारी खेली थी. वहीं, धोनी और गौतम गंभीर की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी. विराट कोहली अब इस साल वर्ल्ड कप में वही एहसास लेना चाहते हैं. 2011 वर्ल्ड कप फाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था. अब कोहली उसी मैदान में क्राउड और वही फैंस का प्यार देखना चाहते हैं. उन्होंने उस दिन को याद करते हुए वर्ल्ड कप के शेड्यूल पर प्रतिक्रिया दी है.
मैं मुंबई में खेलने के लिए उत्सुक हूं- विराट कोहली
विराट कोहली ने कहा, ‘मैं व्यक्तिगत रूप से मुंबई में खेलने के लिए काफी उत्साहित हूं. यहां से हमारी काफी यादें जुड़ी हैं, उस माहौल का अनुभव दोबारा लेना शानदार होगा. मैं तब काफी छोटा था, मैंने समझा है कि सीनियर्स के लिए इसका क्या महत्व होता है. मैं समझ सकता हूं कि वे सभी किस स्थिति से गुजरे होंगे और घरेलू वर्ल्ड कप खेलना कितना खास है. सभी लोग कितना उत्साहित होंगे.’
जसप्रीत बुमराह कब करेंगे वापसी? वर्ल्ड कप शेड्यूल जारी होने के बाद आया अपडेट, खेलेंगे प्रैक्टिस मैच
विराट कोहली को कब तक करना होगा इंतजार
रन मशीन मुंबई के वानखेड़े मैदान में रंग जमाने के लिए काफी उत्साहित हैं. लेकिन इसके लिए उन्हें काफी इंतजार करना होगा और साथ ही टीम इंडिया को आगे भी लेकर जाना पड़ेगा. मुंबई में मुकाबला 2 नवंबर को खेला जाएगा जो भारत और क्वालीफायर टीम के बीच होगा. वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स में टीमें भारत का टिकट काटने के लिए जद्दोजहत कर रहीं हैं. अब देखना होगा कौन सी टीम भारत के खिलाफ मुंबई में उतरती है. रोहित शर्मा एंड कंपनी वर्ल्ड कप में अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी.
.
Tags: India vs Australia, Virat Kohli, World cup 2023
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 18:24 IST






