BPSC Recruitment 2023: बिहार सरकार ने टीचर भर्ती की नियमावली बदली, देश का कोई भी अभ्यर्थी बिहार में बन सकता है शिक्षक

सच्चिदानंद/पटना. बीपीएससी के जरिए बिहार में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है. 12 जुलाई को ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख है. बीपीएससी द्वारा जारी शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन में अबतक कई संशोधन किए जा चूके हैं. इसी कड़ी में एक बार फिर संशोधन किया गया है. इस संशोधन के जरीए अब देश के किसी भी कोने में रहने वाले युवा बिहार में शिक्षक बन सकते हैं. बिहार में शिक्षक बनने के लिए बिहारी होना जरुरी नहीं है. नीतीश कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है. नीतीश कैबिनेट ने मुहर लगाते हुए शिक्षक नियुक्ति नियमावली में संशोधन करते हुए अस्थायी निवास की अनिवार्यता को खत्म कर दिया है.

अब बिहारी होना जरुरी नहीं

आज यानी मंगलवार को नीतीश कैबिनेट की बैठक में 25 एजेंडों पर मुहर लगी है. इसमें सबसे बड़ा फैसला बीपीएससी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर है. नीतीश कैबिनेट ने अपने फैसले में शिक्षक बनने के लिए बिहार के स्थायी निवासी की अहर्ता को समाप्त कर दिया है. इसका मतलब यह हुआ कि अब बिहार में शिक्षक बनने के लिए बिहारी होना अनिवार्य नहीं है. देशभर के युवा बिहार में शिक्षक बनने के दावेदार हो जाते हैं. इसका सबसे ताजा असर बीपीएससी द्वारा चल रही शिक्षक भर्ती पर पड़ेगा.

पहले सिर्फ बिहारी ही अप्लाई कर सकते थे, लेकिन अब किसी भी राज्य का निवासी अप्लाई कर सकता है. हालांकि इस फैसले का बिहार के युवाओं में विरोध है. सोशल मीडिया पर अभ्यर्थी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिख रहे हैं कि “गैरों पे करम अपनों पे सितम, ऐ जान-ए-वफ़ा ये ज़ुल्म न कर..!”.

12 जुलाई को है आखिरी तारीख

इस शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के लिए जारी नोटीफिकेशन में अब तक कई बार बदलाव किया जा चुका है. परीक्षा तिथि को लेकर योग्यता में भी कई बदलाव किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थी इस आवेदन प्रक्रिया के लिए पात्र हो सकें. पिछले दिनों परीक्षा तिथि में भी बदलाव किया गया. शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अब 24, 25, 26 और 27 अगस्त को होगी. इस परीक्षा के जरीए 1 लाख 70 हजार 461 पदों पर शिक्षकों की बहाली होगी. इसमें 79 हजार 943 प्राथमिक शिक्षक, 32 हजार 916 पदों पर मीडिल और 57 हजार 602 पदों पर हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए शिक्षक बहाल किए जाएंगे. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं. जिसकी प्रक्रिया 12 जुलाई तक चलेगी.

Tags: Bihar News, BPSC exam, Latest hindi news, Local18, PATNA NEWS

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More