Sawan 2023: सावन में काशी विश्वनाथ के दिखेंगे 8 स्वरूप, हर सोमवार को होगा अलग श्रृंगार

अभिषेक जायसवाल/वाराणसी. भगवान शिव के प्रिय मास सावन की शुरुआत होने वाली है. सावन के शुरुआत को लेकर उनके प्रिय शहर बनारस में खास तैयारी है. नाथो के नाथ बाबा विश्वनाथ के दरबार को भक्तों के लिए सजाया जा रहा है. इसके अलावा पूजा अनुष्ठान और श्रृंगार को लेकर भी विशेष व्यवस्था काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन द्वारा की जा रही है.

इस बार सावन बेहद खास है, क्योंकि सावन का महीना 30 दिन के बजाय 59 दिनों का है. ऐसे में इन 59 दिनों में आठ सोमवार होंगे. सावन के आठों सोमवार को बाबा विश्वनाथ भक्तों को अलग-अलग स्वरूप में दर्शन देंगे. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इसका पूरा खाका तैयार कर लिया है. इन अलग अलग स्वरूपों में भक्त बाबा के अर्धनारीश्वर रूप के साथ भागीरथी स्वरूप और गौरी शंकर गणेश श्रृंगार के भी दर्शन करेंगे. मंदिर प्रशासन ने इसकी लिस्ट जारी कर दी है.

आठ स्वरूप में होंगे दर्शन
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सावन में बाबा विश्वनाथ के अलग अलग स्वरूप के दर्शन प्रत्येक सोमवार को भक्तों को होगा. इसके अलावा बाबा का दरबार भी फूलों से दमकेगा.

साफ सफाई के विशेष इंतजाम
इसके अलावा मंदिर में साफ सफाई के साथ भक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो इन सब का खास ख्याल भी मंदिर प्रशासन रखकर व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है. गर्मी को देखते हुए पेयजल और पंखे की व्यवस्था भी मन्दिर परिसर में होगी.

होंगे ये आठ श्रृंगार
पहला सोमवार- बाबा विश्वनाथ के चल प्रतिमा का श्रृंगार, दूसरा सोमवार- गौरी शंकर श्रृंगार, तीसरा सोमवार-अमृत वर्षा श्रृंगार, चौथा सोमवार- भागीरथी श्रृंगार, पांचवा श्रृंगार- तपस्यारत पार्वती श्रृंगार, छठा श्रृंगार- शंकर पार्वती गणेश श्रृंगार, सातवां श्रृंगार- अर्धनारीश्वर श्रृंगार, आठवां श्रृंगार- रुद्राक्ष श्रृंगार

Tags: Kashi-Viswanath temple, Local18, Sawan somvar, Varanasi news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More