बीवी के रहते प्रेमिका से की शादी, 3 महीने बाद ही हुआ कुछ ऐसा कि हत्या कर शव गंगा नदी में फेंका


पटना. भाभी के साथ पहली शादी की बात छिपाकर पटना के एक युवक ने प्रेमिका से शादी कर ली लेकिन जब प्रेमिका सुनीता को युवक के पहले से शादीशुदा होने का पता चला तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. इस बात से नाराज युवक ने उसकी हत्या कर डाली. इतना ही नहीं उसके शव को बंद बोरी में रखकर जेपी सेतु से गंगा नदी में फेंक दिया. घटना पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने आरोपी युवक उमेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया है.

उमेश पासवान मूल रूप से पटना के ही पुनपुन का रहने वाला बताया जाता है. उमेश पासवान पटना के जक्कनपुर थाना के जनार्दन गली में किराए के मकान में रहता था. जिस ऑटो से उसने अपनी प्रेमिका का शव फेंका है पुलिस ने उसे भी जब्त कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार युवक ने 3 माह पहले ही सुनीता से प्रेम विवाह किया था. इसके बाद वह उसके साथ जक्कनपुर थाना क्षेत्र के जनार्दन गली में किराए का मकान लेकर रह रहा था. शादी के बाद सुनीता को पता चला कि उमेश ने अपनी भाभी से भी शादी कर ली है.

दरअसल उमेश के भाई का 6 साल पहले देहांत हो गया था. इस बात की जानकारी मिलने के बाद सुनीता उमेश पर दबाव डालने लगी कि वह भाभी को छोड़ दे और केवल उसके साथ रहे. उमेश को यह नागवार गुजरा और दोनों के बीच खटपट शुरू हो गई. उमेश की भाभी 3 बच्चों की मां है. हत्या करने के बाद आरोपी उमेश अपनी भाभी के पास जाकर छिप गया था. सुनीता के मायके वालों का उससे कई दिनों से संपर्क नहीं हो रहा था. जब उन्होंने उससे संपर्क करने की कोशिश की तब उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला.

शक के आधार पर मायके वाले जब जक्कनपुर किराए के मकान पर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा बंद देखा. इसी बीच उनकी मुलाकात उमेश की भाभी से हो गई. भाभी ने सुनीता के परिजनों को बताया कि वह कहीं चली गई है लेकिन परिजनों को मामला संदेहास्पद निकला और वो जक्कनपुर थाने पहुंच गए. परिजनों की शिकायत पर जब जक्कनपुर थाने की पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला हत्या और शव को छिपाने का निकला जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Tags: Bihar News, Crime News, PATNA NEWS, Wife murder

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More