
विक्रम कुमार झा/पूर्णिया. कालाजार की बीमारी अब बिहार में अंतिम पड़ाव पर है. फिर भी इस बीमारी की पहचान और रोकथाम के लिए आशा कार्यकर्ताओं को ट्रेंड किया जा रहा है.
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद मंडल ने बताया कि डीएनडीआई के सहयोग से जिले की आशा कार्यकर्ताओं को कालाजार के संबंध में प्रशिक्षित किया जा रहा है. हालांकि जिले में कालाजार के मरीजों की संख्या बहुत कम हो गई है. लेकिन इसे जड़ से मिटाने के लिए समय-समय पर कालाजार खोजी अभियान और आईआरएस छिड़काव कराया जाता है. यही कारण है कि जिले से कालाजार को खत्म करने के लिए सभी चिकित्सा पदाधिकारियों और पारा मेडिकल स्टाफ के सहयोग से अंतिम पड़ाव तक पहुंचे हैं.
जागरूकता अभियान
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार उफरोजिया ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा कालाजार खोजी अभियान में महती भूमिका निभाई जाती है. इसके अलावा विभागीय स्तर पर कालाजार संक्रमित गांवों में आईआरएस छिड़काव भी कराया जाता है. हालांकि इस वर्ष स्थानीय प्रखंड में मात्र एक ही पीकेडीएल मरीज मिला था. उसका इलाज भी पूरा हो चुका है.
लक्षणों की पहचान जरूरी
आईईसी बिहार के समन्वयक राज किशोर राय ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह से अधिक समय तक बुखार रहता है. साथ ही वजन कम होना, भूख नहीं लगना, चेहरे का रंग काला होना और पेट का आकार बड़ा होना लक्षण दिखे तो समझ जाएं कि उसे कालाजार हो सकता है. इसलिए कालाजार के लक्षण की पहचान करना अतिआवश्यक है. ऐसा होने पर सरकारी अस्पतालों में उचित परामर्श एवं जांच के अलावा पूरी तरह से इलाज की निःशुल्क व्यवस्था है.
जटिलताओं से निबटने की तैयारी
हालांकि इस अंतिम चरण में कुछ जटिल प्रक्रियाओं जैसे- प्लीहा, आकांक्षा और उपचार में कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इसे देखते हुए भवानीपुर प्रखंड की चार आशा फैसिलिटेर और 80 आशा कार्यकर्ताओं को ड्रग्स फोर नेगलेक्टेड डिजीज इनिशिएटिव (डीएनडीआई) के सहयोग से प्रशिक्षित किया गया. इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार उफरोजिया, बीसीएम सतीश कुमार राम, बीएमएनई प्रशांत कुमार जायसवाल, बीएचडब्ल्यू अशोक कुमार मालाकार, परिवार नियोजन के परामर्शी दुर्गेश कुमार, स्वास्थ्य कर्मी सुरेश राम, आईईसी बिहार के समन्वयक राज किशोर राय, सिफार के धर्मेंद्र रस्तोगी ने आशा फैसिलिटेरों और आशा को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी.
.
Tags: Health tips, Local18, Purnia news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 12:43 IST






