रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के पहले राम भक्त करेंगे हवाई सफर, अयोध्या में इस दिन शुरू होगी उड़ान सेवा


सर्वेश श्रीवास्तव/अयोध्या. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाले अयोध्या में राम भक्तों को जल्दी ही एक और सौगात मिलने वाली है. श्रद्धालु भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के पहले हवाईजहाज से धर्म नगरी अयोध्या पहुंचेंगे. इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के द्वारा तीव्र गति से यहां श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है.

एक तरफ जहां भव्य राम मंदिर निर्माण  कार्य का प्रथम चरण का पूरा हो गया है. वहीं, श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे का कार्य लगभग 95 प्रतिशत  पूरा कर लिया गया है. अगर बात टर्मिनल बिल्डिंग की करें तो इसका कार्य भी 80 फीसदी पूरा हो गया है. समझा जा रहा है कि जब रामलला भव्य मंदिर में विराजमान होंगे, उसके पहले श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या में एयरपोर्ट की सुविधा शुरू कर दी जाएगी.

बता दें कि, 22 जनवरी, 2024 को मर्यादा पुरुषोत्तम रामलला भव्य मंदिर में विराजमान होकर दिव्य दर्शन देंगे. उसके पहले, अयोध्या आने वाले भक्तों और यहां से देश-विदेश जाने वाले भक्त श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भर सकते हैं. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की मानें तो रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के पहले अयोध्या में एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया जाएगा ताकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु देश भर से राम नगरी पहुंच सकें.

श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन कर लगभग तैयार

अयोध्या में बन रहे श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग तैयार हो चुका है. राम मंदिर के मॉडल के तर्ज पर एयरपोर्ट को तैयार किया जा रहा है. भव्य राम मंदिर में जहां राजस्थान के बंसी पहाड़पुर के नक्काशीदार पत्थर लगाए जा रहे हैं. वहीं, एयरपोर्ट की दीवारें और गेट को भी इन्हीं पत्थरों से बनाया जा रहा है.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डायरेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि अयोध्या एयरपोर्ट के रनवे का कार्य 95 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है. वही, टर्मिनल बिल्डिंग का कार्य लगभग 80 फीसदी कंप्लीट हो गया है. जुलाई तक टर्मिनल का कार्य पूरा हो जाएगा. उसके बाद लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसमें तीन महीने का वक्त लगता है. लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अगले वर्ष जनवरी से श्रद्धालु अयोध्या से हवाई सेवा की सुविधा उठा सकेंगे.

Tags: Airport, Ayodhya News, Ayodhya Ram Temple, Flight service, Local18, Religion 18, Up news in hindi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More