
रितेश कुमार/समस्तीपुर. समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के हसनपुर रोड जंक्शन पर रेल पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय नशा विमुक्ति दिवस मनाया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभातफेरी से की गई. इस दौरान जीआरपी, स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों के साथ हाथ में तख्तियां ले रखी थीं. इसके माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया. साथ ही मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक के प्रति सचेत किया.
इस दौरान राजकीय रेल पुलिस ने समाज में नशामुक्ति को लेकर जन जागरूकता का संदेश जगह-जगह पहुंचाने का संकल्प किया. साथ ही रेलवे स्टेशन पर उपस्थित लोगों को भी ‘नशा को ना, जीवन को हां’ की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर जीआरपी थानाध्यक्ष श्यामदेव यादव ने कहा कि नशा का सेवन कई तरह की बीमारियों को आमंत्रण देता है. इससे शरीर धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है. ऐसे में जरूरी है कि नशा न करने के लिए समाज के सभी तबकों में जागरूकता लाई जाए. श्यामदेव यादव ने कहा कि छोटे-बड़े सभी को नशापान के खतरों से अवगत रहना चाहिए.
बता दें कि हसनपुर रोड जंक्शन परिसर से निकली यह रैली रामपुर ढाला होती हुई बाजार के विभिन्न चौक-चौराहे से गुजर कर वापस स्टेशन परिसर पहुंची. रैली में जीआरपी प्रभारी श्यामदेव यादव के अलावा जीवछ कुमार झा, जयप्रकाश शर्मा, सज्जन कुमार चौधरी, अजीत कुमार, अमित कुमार, जितेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, राजेश कुमार पाल, अभय कुमार व अन्य मौजूद थे.
.
Tags: Drugs Problem, Local18, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 09:29 IST






