Crime: घर से भागे प्रेमी जोड़े की लड़की वालों ने की हत्या, शव चंबल नदी में फेंके, महीने भर बाद भी तलाश जारी

हाइलाइट्स

घर से भागते समय लड़की के घरवालों ने प्रेमी जोड़े को देख लिया था.
पीछा कर लड़का-लड़की को पकड़कर मौत के घाट उतार दिया.
लड़की के पिता, दादा समेत 4 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है.

रिपोर्टः अमित शर्मा
मुरैना.
मुरैना जिले के रहने वाले प्रेमी जोड़े को पुलिस कई दिन से तलाश रही थी. यह भी नहीं पता था कि लड़का- लड़की लापता हैं या उनकी मौत हो गई. इतना ही नहीं बल्कि लड़की के घरवालों ने तो बेसन के पुतले बनाकर उनकी तेहरवीं तक कर दी थी. अब उनकी ऑनर किलिंग की पुष्टि हुई है. कई दिन की तलाश के बाद भी दोनों के शव नहीं मिले हैं. हत्या आरोप में पुलिस ने लड़की के दादा, पिता, चाचा और भाई के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की है. मामला ऑनर किलिंग का है.

पिछले दिनों मुरैना के अंबाह थाना इलाके के रतन बसई गांव में 18 साल की लड़की का प्रेम प्रसंग पड़ोसी गांव बालूपुरा के रहने वाले 21 साल के युवक के साथ था. दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खाई और 1 महीने पहले घर से भाग निकले थे. तब परिवार वाले ढूंढ कर ले आए थे, लेकिन दोनों एक दूसरे के बिना नहीं रह सके और 3 जून को फिर घर से भाग निकले. इस दौरान लड़की के परिवार वालों ने उन्हें देख लिया.

लड़की के घर वालों ने दी दर्दनाक मौत
लड़की के परिवार वालों ने प्रेमी जोड़े का पीछा किया. इसके बाद उन्हें पकड़कर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. लड़की के पिता राजपाल सिंह तोमर, चाचा पप्पू सिंह तोमर, भाई शिवा सिंह तोमर और दादा छुटई सिंह तोमर ने दोनों को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद दोनों के शव रात के अंधेरे में चंबल नदी में बहा दिए. इतना ही नहीं उसके बाद लड़की के घरवालों ने उनकी तेरहवीं तक कर दी थी. इस बीच जब कई दिन तक लड़का घर नहीं लौटा तो उसके घरवालों ने पुलिस से शिकायत कर दी थी.

पिता और भाई समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने लड़की के पिता से सख्ती से पूछताछ की तब उसने हत्या करना स्वीकार किया और बताया कि हत्या के बाद दोनों के शव चंबल नदी में फेंक दिए हैं. इसके बाद पुलिस ने करीब 4 दिन तक चंबल नदी में एसडीआरएफ की टीम की मदद से शवों की तलाश की. लेकिन अब तक उनके शव नहीं मिले हैं. जांच में जब यह सिद्ध हुआ कि लड़के की हत्या 3 जून और लड़की की 6 जून की रात हत्या कर दी गई थी. अब 22 दिन बाद पुलिस ने लड़के की हत्या के मामले केस दर्ज किया है. इसमें लड़की के पिता, चाचा, भाई और दादा समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

Tags: Crime News, Morena news, Mp news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More