नाइजीरियाई युवकों ने निकाला ठगी का नया तरीका, युवती को लगाई 19 लाख की चपत


हिना आज़मी/देहरादून. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले कुछ समय में ठगी के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें राज्य के बाहर के ठगों का भी कई बार पर्दाफाश हुआ है, लेकिन देश में पहली बार ऐसा हुआ होगा कि विदेशी ठगों के गिरोह पर उत्तराखंड एसटीएफ (Uttarakhand STF) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है.

मामला राजधानी देहरादून का है, जहां नाइजीरियाई नागरिक ने देहरादून की एक महिला से 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली, जिसके बाद उत्तराखंड एसटीएफ ने आरोपी को दिल्ली से धर दबोचा. नाइजीरियन गिरोह के 7 लोगों को नोटिस दिया गया है. एसटीएफ मामले की जांच कर रही है.

ऑनलाइन ठगी का अनूठा तरीका
STF प्रमुख आयुष अग्रवाल ने बताया कि गैर राज्य दिल्ली में पार्सल भेजने वाले 8 नाइजीरियन साइबर ठगों पर कार्रवाई की गई है. बताया कि गिरोह के सदस्य खुद को ब्रिटेन का नागरिक बताते थे. वह कस्टम डिपार्टमेंट के अधिकारी बनकर देश के कोने- कोने में लोगों के साथ ठगी कर चुके हैं. बताया कि हाल ही में देहरादून की रहने वाली रोशनी (बदला हुआ नाम) ने शिकायत की थी कि कुछ वक्त पहले उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से कॉल आई थी. दूसरी ओर से बात करने वाला व्यक्ति खुद को यूनाइटेड किंगडम का नागरिक बता रहा था. दोनों की दोस्ती हो गई और फिर वे दोनों व्हाट्सएप पर कॉल और चैट करने लगे.

युवती से ऐसे ठगे 19 लाख
इस बीच उसने रोशनी को झांसा दिया कि वह उसके लिए एक पार्सल भेज रहा है, जिसमें 40 हजार पाउंड हैं. दो दिन बाद उसने रोशनी से कहा कि यह पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने रोक लिया है. अब उससे पार्सल छोड़ने के नाम पर घूस मांगी जा रही है. रोशनी को भरोसा दिलाने के लिए उसने एक शख्स से उसकी बात कराई, जो खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बता रहा था. रोशनी को भरोसा हुआ, तो उसने 50 हजार रुपये रिश्वत के रूप में आरोपियों के बताए एक इंडियन बैंक अकाउंट में जमा कर दिए. इसके बाद कस्टम ड्यूटी, फीस, टैक्स और तमाम तरह की बातें कर रोशनी को डरा कर उससे कुल 19 लाख रुपये अपने अलग-अलग खातों में जमा करा लिए. रोशनी को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दी.

दिल्ली से पकड़े गए 8 लोग
शिकायत मिलते ही उत्तराखंड की पुलिस टीम अपने काम में जुट गई और बहुत जल्द ही पुलिस के हाथ कामयाबी तब लगी, जब इस गिरोह के 8 लोग दिल्ली के मोहन गार्डन से पकड़े गए. पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि गिरोह के ये लोग महिलाओं या पुरुषों के साथ अपने पर्सनल नंबर से बात करते हैं. फिर खुद को ब्रिटेन का नागरिक बताकर दोस्ती करते हैं. उसके बाद काफी महंगे पार्सल भेजने की बात करते हैं और पीड़ितों को एयरपोर्ट के कस्टम डिपार्टमेंट फोन करवाकर उनके विरुद्ध विदेश से बिना टैक्स और अवैध तरीके से गिफ्ट मंगवाने के लिए कस्टम डिपार्टमेंट में अभियोग पंजीकृत करवाने की धमकी देते हैं और फिर इससे निपटने के लिए लाखों रुपये की मांग की जाती है. जिस वजह से भोले-भाले लोग ठगी का शिकार बन जाते हैं.

सात विदेशियों को नोटिस
आयुष अग्रवाल ने बताया कि इनपुट मिलने के बाद एसटीएफ दिल्ली के मोहन गार्डन स्थित विपिन गार्डन के एक घर तक पहुंच गई. यहां पर नाइजीरियाई मूल के कुछ युवक मिले. इनमें से एक युवक चिकोजॉइकी दिमकोहा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 7 अन्य विदेशी नागरिकों को सीआरपीसी 41A का नोटिस दिया गया है. यानी पुलिस अगर उन्हें जांच के लिए बुलाएगी तो उन्हें आना पड़ेगा. नहीं आने पर उनके खिलाफ अदालत से वारंट भी लिया जा सकता है.

Tags: Cyber Crime News, Dehradun news, Local18, Online fraud

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More