
सौरभ तिवारी/बिलासपुर. शिवजी के भक्तो की भक्ति निराली होती है. शिव जी को भोलेनाथ कहा जाता है. वह भोले हैं तो वहीं उनके भक्त भी निराले होते हैं. शिव जी के एक ऐसे ही अनोखे भक्त के बारे में आज हम आपको बताएंगे जिन्होंने शिव शम्भू के दर्शन के लिए एक अलग ही रास्ता चुना.
छत्तीसगढ़ के गगन सागर ने केदारनाथ जाकर शिव जी के दर्शन करने का निर्णय लिया. उन्होंने इस मंज़िल तक साइकिल से यात्रा करने का फ़ैसला किया. गगन ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से यात्रा की शुरुआत की है और अब वह हरिद्वार पहुंच चुके हैं. गगन अपनी संपूर्ण यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर कर रहे हैं जिससे कई लोग भी उनसे जुड़ रहे हैं.
गगन इंस्टाग्राम पर gagan_ki_vlogs515 नामक आईडी से उपलब्ध हैं, जहां आप उनका यह सफर देख सकते हैं. वह दिन में साइकिल से सफर करते हैं और रातों को पेट्रोल पंप जैसी जगहों पर टेंट लगाकर विश्राम करते है.
गगन से बात करने पर, उन्होंने बताया कि इस सफर की शुरुआत रायपुर से 5 जून को की थी. गगन कहते है कि ट्रेन और गाड़ी से तो हर कोई जाता है. लेकिन उन्हें कुछ अलग कुछ नया करने की इच्छा थी. इसी वजह से उन्होंने साइकिल से केदारनाथ जाने का फैसला लिया.
गगन छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला सिहारलेटी गांव के रहने वाले हैं. छत्तीसगढ़ से निकल कर वह मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हरियाणा पार करते हुए अभी उत्तराखंड पहुंचे हैं. वहीं केदारनाथ पहुंचने में उन्हें अभी लगभग 3 दिन और लगेंगे. 18 दिन से वह लगातार साइकिल से सफर कर रहे हैं. वहीं इस दौरान रास्ते में उन्हें कई लोग मिल रहे जो गगन के इस हौसले की तारीफ करते हुए उन्हें समर्थन प्रदान करते है. जिसके चलते उनका हौसला काफी बढ़ता है.
.
Tags: Bilaspur news, Chhattisgarh news, Latest hindi news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 18:56 IST





