
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. पिथौरागढ़ में बेस अस्पताल के शुरू होने को तीन महीने से ज्यादा का समय हो गया है. लेकिन अभी भी इसके हालात में सुधार नहीं हुआ है . वजह है यहां अभी तक जरूरी स्टाफ की नियुक्ति नहीं हो पाई है और कोई भी विशेषज्ञ डॉक्टर पिथौरागढ़ के बेस अस्पताल में नहीं है.
पिथौरागढ़ की जनता पिछले दो दशकों से बेस अस्पताल का इंतजार कर रही थी. तमाम प्रयासों के बाद 17 फरवरी से इसका संचालन शुरू किया गया था .आम लोगों को भरोसा दिलाया गया कि बेस अस्पताल में सभी सुविधाएं मरीजों को मिलेंगी .जिससे यहां के मरीजों को अन्य शहरों में रेफर ना होना पड़े. लेकिन अब भी हालात उल्टे है. बेस अस्पताल पहुंचे गम्भीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाता है. जबकि जिला अस्पताल से रोगी बेस अस्पताल में रेफर होने चाहिए थे.
स्टाफ की कमी से जूझ रहा बेस अस्पताल
फिलहाल बेस अस्पताल में जुगाड़ व्यवस्था के तहत चार डॉक्टर पिथौरागढ़ के ही सीएचसी सेंटरों से यहां नियुक्त किये गए हैं. मेडिकल स्टाफ की बात करें तो यहां महज 5 नर्स और 6 फार्मासिस्ट ही कार्यरत है. यही वजह भी है कि बेस अस्पताल में मरीज बहुत कम आ रहे हैं. यहां अधिकतम ओपीडी 15 ही पहुंची है, जबकि जिला अस्पताल में रोजाना 600 से ऊपर की ओपीडी होती है.
अस्पताल परिसर में पसरा सन्नाटा
बेस अस्पताल में पहुंचे मरीज के तीमारदार जगदीश कुमार ने बताया कि सीमांत जनपद के लोग लंबे समय से बेस अस्पताल शुरू होने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने का सपना देख रहे हैं. लेकिन जब वह बेस अस्पताल पहुंचे तो यहां सन्नाटा पसरा हुआ था .जिस वजह से उन्हें मरीज को जिला अस्पताल ले जाना पड़ा. उन्होंने सरकार से बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग की है.
65 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण
पिथौरागढ़ बेस अस्पताल के निर्माण में अभी तक 65 करोड़ से ज्यादा की धनराशि खर्च हो चुकी है. बावजूद इसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा. यहां 37 विशेषज्ञ डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ के 215 पद स्वीकृत हैं, लेकिन अभी तक एक भी विशेषज्ञ चिकित्सक यहां नहीं मिल सका है. अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से 20 नर्सों को यहां भेजा गया था लेकिन मरीजों के ना आने के कारण 15 नर्सें जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रही हैं.
लंबे समय से हो रहा प्रयास
बेस अस्पताल में स्टाफ की तैनाती को लेकर पिथौरागढ़ की जिलाधिकारी रीना जोशी से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि लंबे समय से रिक्त पदों को भरने के लिये लगातार शासन से पत्राचार किया जा रहा है. उन्होंने जल्द बेस अस्पताल को विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने की उम्मीद जताई है.
.
Tags: Health Facilities, Local18, Pithoragarh news, Rural Health Service, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 17:15 IST





