
अनूप पासवान/कोरबा. कोरबा में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आने के बाद, किप्टो करेंसी में निवेश करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एनटीपीसी काॅलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति से करीब 33 लाख की ठगी कर ली.
राजन प्रसाद ने एनटीपीसी के जमनीपाली स्टेशन में हीरालाल कुलदीप से मुलाकात की थी. हीरालाल ने अपने आपको क्रिप्टो करेंसी मार्केट के हाइपर फंड का संचालक बताया था और राजन को तीन स्कीम की जानकारी कुलदीप ने दी. उन्होंने दावा किया कि इन स्कीमों में निवेश करने पर 600 दिन में राशि तीन गुना होती है और रिवाइवल फंड में निवेश करने पर एक हजार गुना तक लौटाने का वादा किया. कुलदीप ने राजन को भरोसा दिलाने के लिए अपनी तस्वीर और हाइप्रोफाइल लोगों के साथ मिलने की बात बताई और फंड के मालिक से दुबई में मिलने का भी आदेश दिया था. कुलदीप ने राजन को ऑनलाइन मीटिंग में शामिल कराया और फंड से जोड़ा जिससे राजन प्रलोभन में फंस गया.
राजन ने पैसा निवेश करने के लिए अलग-अलग बैंकों से करीब 20 लाख रुपए का लोन लिया. लेनदेन 24 अक्टूबर, 2021 से 10 मई, 2022 के बीच हुआ. बस इतना ही नहीं, राजन ने हीरालाल कुलदीप को अपनी दुकान, पीएफ का लोन और घर की जमा पूंजी भी दे दी. हाइपर फंड में निवेश करने के बाद कुछ समय बीत गया लेकिन राजन को अपने पैसों की कोई जानकारी नहीं मिली. बाद में उन्हें यह पता चला कि उनके साथ विश्वसनीयता के नाम पर ठगी हुई है. इसके बाद राजन ने शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस ने हीरालाल कुलदीप और राकेश साहू को गिरफ्तार किया.
पुलिस की ओर से की गई पूछताछ में, कुलदीप और राकेश ने यह स्वीकार किया कि वे निवेशकों से धन लेने और उनके धन का प्रबंधन करने के बहाने पैसे लिया करते थे. इस तरीके से वे लगातार नए निवेशकों से धन जुटाते रहे. पुलिस ने दोनों पर धोखाधड़ी और मनी सर्कुलेशन स्कीम के तहत केस दर्ज किया है.
.
Tags: Chhattisgarh news, Korba news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 16:30 IST





