मुंबई : 75 साल की महिला से फेसबुक पर की दोस्ती, फिर दिया शादी का ऑफर और ठग लिए 12 लाख, 2 आरोपी गिरफ्तार


मुंबई. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है. इसमें एक युवक ने 75 साल की बुजुर्ग महिला को कथित तौर पर 12.63 लाख रुपये की चपत लगा दी. सोशल मीडिया के जरिये संपर्क में आए उस युवक ने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया था.

माटुंगा पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई पुलिस ने अपराध के सिलसिले में 21 जून को उत्तर प्रदेश के नोएडा से दो युवकों को गिरफ्तार किया और शुक्रवार को उन्हें शहर लेकर आई. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर पिछले साल नवंबर में महिला को सोशल मीडिया पर ‘फ्रेंड रिक्वेस्ट’ भेजी थी और बाद में उसका विश्वास जीतकर उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा.

खुद को बताया था जर्मनी का निवासी
आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को जर्मनी के निवासी के तौर पर प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि आरोपी ने महिला से कहा कि उसने उसे एक पार्सल भेजा था, जिसे कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट पर रोक लिया और इसे छुड़ाने के लिए उसे 3.85 लाख रुपये का पेमेंट करना होगा.

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने पैसे एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. फिर इसके 8 दिन बाद आरोपी ने उससे संपर्क किया और दावा किया कि वह लंदन से आया है और इस वक्त दिल्ली एयरपोर्ट पर है. उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसके पास बहुत सारी नकदी थी, जिसके कारण कस्टम विभाग ने उसे हिरासत में ले लिया और उसे रिहाई के लिए 8.78 लाख रुपये का भुगतान करना होगा.

धोखे का एहसास होने पर थाने पहुंची महिला
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला ने आरोपी द्वारा दिए गए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए. उन्होंने बताया कि जल्द ही महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों को पकड़ लिया.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से मोबाइन फोन, अलग-अलग बैंकों के डेबिट कार्ड, चेक बुक और अन्य सामग्री बरामद की. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.

Tags: Cyber Fraud, Mumbai police

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More