
सौरभ तिवारी/बिलासपुर. शहर में मानसून ने दस्तक दे दी है. एक दो दिन से हल्की बारिश बिलासपुर में शुरू हो चुकी है. वहीं शहर में काले बादलों का जमावड़ा शुरू है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 4-5 दिनों में बिलासपुर में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश की संभावना है.. मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से शहर में अच्छी बारिश होगी.वहीं बादलों के आने से शहर का तापमान भी गिरा है. शहर के लोगों को 40-45 डिग्री के भारी तापमान से राहत मिली है.
एक लंबे अंतराल के बाद शहर का तापमान अब थोड़ा कम हुआ है. लंबे समय से तपती धूप से राहत पाकर शहरवासी भी खुश हैं. लोग शाम में घूमने निकल रहे तो वहीं सार्वजनिक जगहों पर भी लोगों की अच्छी भीड़ दिख रही. शहर के कंपनी गार्डन, ऊर्जा पार्क, रिवर व्यू रोड, बिलासा ताल, कोनी क्षेत्रों में लोग अब घूमने के लिए पहुंच रहे. तो वहीं शहर के आस पास के क्षेत्र जैसे की कोटा डैम, खुटाघाट, अचानकमार जैसी जगहों पर भी अच्छे मौसम को देखते हुए लोगों की आवाजाही बढ़ने का अनुमान है.
शहर में पानी की निकासी बड़ी समस्या
बिलासपुर शहर बारिश के महीने में हरा भरा और सुंदर हो जाता है. शहर के आस-पास ऐसी कई जगहें हैं जहां लोग अपने फैमिली या दोस्तों के साथ घूमने पहुंचते हैं. तो वहीं दूसरी ओर बारिश के आने से शहर के कुछ क्षेत्रों में पानी जमा होने की समस्या भी होती है. इससे निपटना निगम के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती होगी.
क्या अरपा नदी में आएगी जान
बिलासपुर के रिवर व्यू स्थित चौपाटी में भी भीड़ बढ़ी है तो वहीं तापमान कम होने से शहर में लोगों की हलचल तेज हुई है. आपको बता दें की बिलासपुर जिले में गर्मी के मौसम में तापमान चरम पर होता है तो वहीं शहर में बारिश भी अच्छी होती है. बारिश के आते ही शहर के बीचों बीच बहने वाली अरपा नदी में पानी का बहाव शुरू हो जाता है. हालांकि अभी तो नदी सूखी हुई है लेकिन जल्द ही अच्छी बारिश होने से शहर के लोग फिर से अरपा को बहती हुई देख सकेंगे.
.
Tags: Bilaspur news, Chhattisgarh news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 21:17 IST






