
प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़. बहादुरगढ़ मेट्रो का निर्माण काम जल्द ही शुरू होने की संभावना है. ग्रीन लाइन मेट्रो के विस्तार की योजना बनाई जा रही है. आपको बता दें कि हरियाणा सरकार ने बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन से मेट्रो रेल की सेवा आसौदा तक करने का प्रस्ताव पास कर दिया है. 2023-24 के बजट में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इसकी घोषणा की थी. डीएमआरसी का मुख्य फोकस ज्यादा से ज्यादा नए इंटरचेंज स्टेशन बनाने और पहले से ऑपरेशनल मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार करने पर है. जिसके लिए बहादुरगढ़ का स्थान सबसे उपयुक्त माना गया है.
बहादुरगढ़ होशियार सिंह स्टेडियम से लेकर आसौदा तक हाईवे के बीच-बीच में मेट्रो लाइन को तैयार करने के लिए फिजिबिलिटी सर्वे किया गया. जिसमें कोई रुकावट नहीं है. यह रूट बिना विवाद के बनने वाला माना जा रहा है. फिजिबिलिटी के कच्चे सर्वे करने के लिए विभाग की टीम ने माना था कि इस रूट को तैयार करने से रोहतक को सीधे रूप से दिल्ली से जोड़ा जा सकता है.
यहां बनेगा पहला और दूसरा मेट्रो स्टेशन
डीएमआरसी इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक बहादुरगढ़ ग्रीन लाइन पर प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर पर भी बदलाव की तैयारी लंबे समय से कर रही थी. लेकिन सरकार द्वारा इस बारे में कदम आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था.मेट्रो को बहादुरगढ़ से रोहतक तक ले जाने के पहले चरण में केवल दो स्टेशन ही तैयार होंगे. इस बारे में अब जल्द ही फिजिबिलिटी सर्वे भी शुरू होगा. बहादुरगढ़ के होशियार सिंह स्टेडियम से आगे सबसे पहला मेट्रो स्टेशन सेक्टर 16 के पास और दूसरा बाइपास पर आसौदा की तरफ होगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 20:45 IST






