PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 जून 2023 से अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं. पीएम मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा को दोनों देशों के बीच बढ़ती निकटता का संकेत माना जा रहा है. हालांकि, पीएम मोदी कई बार आधिकारिक यात्राओं और क्वाड नेताओं की बैठक जैसे बहुपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए अमेरिका गए हैं. फिर उनकी ये पहली राजकीय यात्रा इतनी अहम क्यों मानी जा रही है? दरअसल, राजकीय यात्रा को दो देशों के बीच राजनयिक आदान-प्रदान का सबसे बेहतरीन स्वरूप माना जाता है.
पीएम मोदी अपनी पहली राजकीय यात्रा पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ डिनर करेंगे. अमेरिका में पीएम मोदी का जबरदस्त स्वागत किया गया. इसके बाद पीएम मोदी ने ई-कार मैन्युफैक्चरर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क समेत कई दिग्गजों से मुलाकात की. अमेरिकी इतिहासकार मैथ्यू कॉस्टेलो का कहना है कि राजकीय यात्रा केवल करीबी दोस्तों और सहयोगियों के लिए होती है. समझते हैं कि राजकीय यात्रा का मतलब क्या है. साथ ही जानते हैं कि पीएम मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा के मायने क्या हैं और ये कितनी अहम है? साथ ही जानते हैं कि अमेरिका में राजकीय यात्राओं का इतिहास क्या है?
ये भी पढ़ें – पीएम मोदी की यात्रा पहले से ज्यादा क्यों विशेष है अमेरिका के लिए?
राजकीय यात्रा का क्या है मतलब?
राजकीय यात्रा आधिकारिक यात्राओं और बहुपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेने से काफी अलग होती है. राजकीय यात्रा में बहुत ज्यादा धूमधाम शामिल होती है. राजकीय दौरे आमतौर पर राज्य के प्रमुखों के लिए होते हैं, सरकार के प्रमुखों के लिए नहीं. लिहाजा, पीएम मोदी की राजकीय यात्रा अहम मानी जाएगी, क्योंकि वह सरकार के प्रमुख हैं, राज्य के प्रमुख नहीं. बता दें कि भारत में राष्ट्रपति राज्य के प्रमुख होते हैं. कई बैठकों के अलावा आधिकारिक यात्राओं में कभी-कभी आधिकारिक रात्रिभोज शामिल होता है. राजकीय यात्रा में मेहमानों के साथ एक शानदार स्टेट डिनर शामिल होता है. यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट में ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के मुताबिक, राजकीय यात्रा में आधिकारिक यात्रा के मुकाबले ज्यादा धूमधाम और समारोह शामिल होते हैं.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन व्हाइट हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी की मेजबानी करेंगे.
छह माह होती है स्टेट डिनर की प्लानिंग
राजकीय रात्रिभोज राजकीय यात्रा का मुख्य आकर्षण होता है. इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी व्हाइट हाउस में अतिथि नेता की मेजबानी करते हैं. राजकीय रात्रिभोज के लिए महीनों पहले से शानदार योजना बनाई जाती है. मेन्यू में आमतौर पर ऐसे भोजन और ड्रिंक्स शामिल किए जाते हैं, जिनमें अतिथि नेता की पसंद और उनके प्रति सम्मान झलकता है. बीजीपीए वेबसाइट के मुताबिक, स्टेट डिनर मेजबान देश और सम्मानित अतिथियों के बीच दोस्ती का प्रतिनिधित्व करता है. अमेरिकी इतिहासकार मैथ्यू कॉस्टेलो ने के मुताबिक, अमेरिका की राजकीय यात्रा करीबी दोस्तों और सहयोगियों को दिया जाने वाला सम्मान है. व्हाइट हाउस इसके लिए करीब छह महीने तक योजना बनाता है.
पीएम मोदी की राजकीय यात्रा अहम क्यों?
पीएम मोदी 21-24 जून 2023 तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. राजकीय दौरे आमतौर पर मेजबान नेता के न्योते पर होते हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन पीएम मोदी की व्हाइट हाउस में मेजबानी करेंगे. डेविड एम रुबेनस्टीन नेशनल सेंटर फॉर व्हाइट हाउस हिस्ट्री के उपाध्यक्ष व अंतरिम निदेशक इतिहासकार मैथ्यू कॉस्टेलो के मुताबिक, बहुत से लोग राजकीय यात्राओं और राजकीय रात्रिभोजों को केवल फैंसी मामला मानते हैं. दरअसल, ये आयोजन अतिथि नेता के देश के लिए मेजबान के सम्मान की स्वीकृति के तौर पर काम करता है. उन्होंने कहा कि ऐसा बहुत कुछ है जो न केवल अतिथि नेता के देश, उनकी संस्कृति और उनके आदर्शों के लिए स्वीकृति व सम्मान दिखाता है.
क्या हैं राजकीय यात्रा व रात्रिभोज के मायने
कॉस्टेलो के मुताबिक, स्टेट विजिट और डिनर यह भी बताता है कि दोनों देशों के साझा विचार, लक्ष्य और उद्देश्य क्या हैं, जिनके लिए दोनों देश एकजुट होकर काम कर सकते हैं. उन्होंने साथ ही कहा कि अमेरिका की राजकीय यात्रा अतिथि नेता और उनके देश की प्रोफाइल को बढ़ाती है. अमेरिका दुनिया का सबसे ताकतवर देश है. लिहाजा, व्हाइट हाउस में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बहुत प्रतिष्ठित माना जाता है. कई देशों के शीर्ष नेता व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों में शिकरत करना चाहते हैं. यह उनके लिए उनके देश में उनकी राजनीति और अंतरराष्ट्रीय मंच पर फायदेमंद है. राजकीय यात्रा व रात्रिभोज पर आमंत्रित नेता को लेकर सभी देश यह स्वीकार करने लगते हैं कि उनके अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ अच्छे संबंध हैं.
स्टेट डिनर के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति बाइडेन के बीच व्हाइट हाउस में बातचीत होगी.
राजकीय यात्रा में क्या-क्या होंगे आयोजन
नियमों के मुताबिक, व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति जो बाइडेन पीएम मोदी की अगुवानी करेंगे. इतिहासकार कोस्टेलो ने कहा कि जिस दिन राजकीय यात्रा होगी व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में राजकीय आगमन समारोह होगा. राष्ट्रपति और अतिथि राज्य के प्रमुख के बीच बातचीत होगी. संबंधित देशों के राष्ट्रगान होंगे. फिर वे बातचीत के लिए व्हाइट हाउस जाएंगे. बाद में उस रात राजनयिक आदान-प्रदान करेंगे. उनके सम्मान में राजकीय रात्रिभोज आयोजित किया जाएगा. इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्रपति के आधिकारिक अतिथि गृह ब्लेयर हाउस में राष्ट्रपति और प्रथम महिला के रात भर के अतिथि के रूप में रहेंगे. स्वागत समारोह के दौरान राष्ट्रपति बाइडेन के राजनीतिक अधिकारी, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और कांग्रेस के नेता भी साथ रहेंगे.
.
Tags: Pm narendra modi, US News, US President Joe Biden, US visit
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 19:08 IST






