जन्म-जन्म का साथ है हमारा-तुम्हारा…पत्नी की मौत बर्दाश्त नहीं कर सका पति, एक घंटे में गई जान

 गुलशन सिंह/बक्सर. नगर थाना क्षेत्र के नया चौक से एक ऐसी घटना सामने आई है जो जिले में चर्चा का विषय बनी है. शादी की रस्म अदायगी के साथ ही एक साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाले तो कई दंपत्ति आपने देखे होंगे, लेकिन ऐसा कम ही देखने को मिलता है जो अंतिम सांस तक एक दूसरे का साथ ना छोड़ें. बक्सर में हुई इस घटना में पति-पत्नी ने साथ जीने-मरने की कसम को निभा दिया है. यहां पत्नी की मृत्यु के कुछ ही घंटों बाद पति ने भी वियोग में दम तोड़ दिया. इसके बाद एक साथ दोनों की अर्थी घर से निकली. एक ही चिता पर दोनों को अंतिम विदाई दी गई.

पत्नी की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सके कमला प्रसाद

बक्सर नगर के नया चौक स्थित मुख्य डाकघर के पास के निवासी 84 वर्षीय कमला प्रसाद सोनार की 81 वर्षीय पत्नी रामदुलारी का निधन हो गया. वह कुछ दिनों से बीमार थीं और भीषण गर्मी के कारण उनकी हालत और खराब हो गई. जिससे उनकी मौत हो गई. जब उनकी मौत हो गई तो घरवाले शव अंत्येष्टि की तैयारी में जुट गए. इस दौरान कमला प्रसाद पत्नी की मौत का सदमा बर्दास्त नहीं कर सके और उनकी मौत हो गई. दोनों पति-पत्नी एक घंटे के अंतराल पर चल बसे.

एक साथ निकली दोनों की अर्थी

इस घटना की सूचना जैसे ही लोगों को मिली सभी आश्चर्यचकित हो गए. परिवार में एक साथ दो अर्थियां उठने से कोहराम मच गया. हालांकि, लोग इसको अटूट प्रेम की मिसाल दे रहे हैं. दंपत्ति के पुत्र विनोद कुमार, राजकुमार और जयप्रकाश ने माता और पिता की अर्थी सजाई और एक साथ चरित्रवन स्थित श्मशान घाट मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया. इतना ही नहीं एक ही चिता पर लैटाकर पति और पत्नी दोनों को दुनिया से रुखसत किया गया.

Tags: Bihar News, Buxar news, Latest hindi news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More