
दिल्ली/पटना. इस वक्त की बड़ी खबर बिहार की सियासत से है जहां पूर्व सीएम जीतन राम मांझी की पार्टी हम यानी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के एनडीए का हिस्सा बनने का रास्ता साफ हो गया है. बुधवार तो दिल्ली में जीतन राम मांझी और उनके बेटे संतोष सुमन ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद बिहार के पूर्व मंत्री और जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने कहा कि हमारी पार्टी एनडीए का हिस्सा होगी.
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने ऐलान करते हुए कहा कि सीटों का फॉर्मूला आने वाले दिनों में तय होगा. इस मुलाकात के बाद बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा कि हम लोग औपचारिक रूप से एनडीए में शामिल हो गए हैं. अमित शाह के साथ बैठक के बाद ये फैसला हुआ है. मांझी ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर बाद में फैसला होगा.
मालूम हो कि महागठबंधन से अलग होने के बाद से ही ये माना जा रहा था कि मांझी की पार्टी फिर से एनडीए का हिस्सा बनेगी. नीतीश सरकार में शामिल रहे हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के एक मात्र मंत्री और जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था और महागठबंधन से पार्टी अलग हो गई थी. जीतन राम मांझी पहले भी एनडीए का हिस्सा रह चुके हैं, ऐसे में ये उनके लिये घर वापसी मानी जा रही है.
.
Tags: Bihar News, Bihar politics, Jitan ram Manjhi, NDA
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 16:37 IST






