International Yoga Day 2023 : बक्सर के लोगों ने योग कर लिया निरोग रहने का संकल्प, शहर से लेकर गांव तक में लगे शिविर


गुलशन सिंह/बक्सर.अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले भर में योग के शिविर लगाए गए. इस दौरान लोगों ने योग से निरोग रहने के फायदे जाने. लोगों ने सुबह सुबह योग कर के खुद को तरोताजा किया. इस अवसर पर शहर से लेकर गांव तक योग शिविरों का आयोजन किया गया. इसके तहत जिला गंगा समिति, नेहरू युवा केंद्र व द आर्ट आफ लिविग के संयुक्त तत्वावधान में सोमेश्वर स्थान स्थित वामनेश्वर गंगा घाट पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

शिविर में द आर्ट आफ लिविंग से जुड़े प्रशिक्षकों ने लोगों को योग कराया. साथ ही, योग के फायदे भी लोगों को बताए. इस मौके पर जिला प्रशासन के आला अधिकारी से लेकर राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के लोगों ने योग शिविर में हिस्सा लिया.

योग दिवस पर किया गया वृक्षारोपण
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने लोगों को दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने की अपील की. उन्होंने बताया कि योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है, जिसमें शरीर, मन और आत्मा को एक साथ लाने का काम होता है. वर्तमान समय में अपनी व्यस्त जीवन शैली के कारण लोग संतोष पाने के लिए योग करते हैं.

योग से न केवल व्यक्ति का तनाव दूर होता है, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी शांति मिलती है. डीएम ने कहा कि योग बहुत ही लाभकारी है. विश्व योग दिवस के मौके पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किया गया.इस दौरान योग शिविर में शामिल लोगों ने वृक्ष लगाकर योग के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लिया.

शारिरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग जरूरी
वहीं उप विकास आयुक्त डॉ. महेंद्र पाल ने कहा कि संपूर्ण मानवता को निरोग करने वाले भारतीय संस्कृति के इस अनमोल उपहार योग को आज पूरे विश्व ने अपनाया है. आज योग के माध्यम से पूरे विश्व के लोग हमारी संस्कृति से जुड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि नियमित योग से हम शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं.शारीरिक स्वास्थ्य एवं मानसिक सेहत के लिए योग जरूरी है.

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, सदर एसडीओ धीरेंद्र मिश्रा,जिला योजना पदाधिकारी विनोद सिंह, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रेमस्वरूपम , रेडक्रॉस सचिव डॉ श्रवण तिवारी, अपर अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार, सदर डीएसपी गोरख राम, मुख्यालय डीएसपी अशफाक अहमद, नगर थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार, परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे, नेहरू युवा केंद्र सहित द आर्ट ऑफ लिविग से दीपक पांडेय, योग गुरु वर्षा पांडेय एवं उनकी टीम गंगादूत, गंगा विचार मंच व अन्य सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद थे.

Tags: Bihar News, Buxar news, International Yoga Day, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More