MP में ‘आदिपुरुष’ बैन करने की मांग बढ़ी, फिल्म देख हॉल से बाहर निकले लोगों ने जमकर की नारेबाजी


अनुज गौतम/सागर. रामायण महाकाव्य से प्रेरित ओम राउत द्वारा निर्देशित फिल्म “आदिपुरुष” के कुछ दृश्यों और डायलॉग्स सनातन संस्कृति के विपरीत होने पर इसका विरोध शुरू हो गया है. सागर में राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत के बेटे और फिल्म एक्टर आकाश सिंह राजपूत ने फिल्म देखने के बाद विरोध जताया और अन्य युवाओं के साथ मिलकरजमकर नारेबाजी की.

फिल्म आदिपुरूष को लेकर आकाश सिंह अपने परिवार और क्षेत्रवासियों के साथ बड़े हर्ष उल्लास के साथ फिल्म देखने के लिए गए थे. थिएटर में सभी लोग पहुंचे, खचाखच भरे हॉल में लोगों में फिल्म देखने का उत्साह था, लेकिन फिल्म खत्म होते-होते लोगों का मन बदल गया. फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि यह फिल्म हमारे सनातन धर्म और आराध्य प्रभु श्रीराम के चरित्र के साथ खिलवाड़ है. इस फिल्म में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के चरित्र को बहुत ही कमजोर दिखाया गया है. साथ ही पिक्चर में जानकी माता के वस्त्रों को लेकर भी ध्यान नहीं रखा गया.

रावण जो कि रामायण के अनुसार अधर्म पर चलने वाला था उसका महिमा मंडन प्रभु श्रीराम राघव से भी अधिक किया गया है. यह फिल्म हमारे बच्चों तथा युवाओं एवं समाज पर अच्छा प्रभाव नहीं डालेगी. रामायण के नाम पर इस फिल्म में हमारे आराध्य का मजाक उड़ाया गया है जो कि किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. धर्म का गलत प्रचार करनेवाली इस तरह की फिल्म्स बैन होनी चाहिए.

आकाश ने कहा कि मैं खुद एक कलाकार हूँ इसके बावजूद भी इस फिल्म का विरोध कर रहा हूँ.देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मेरी यह अपील है कि इस फिल्म को तुरंत बैन किया जाए. फिल्म में हमारे सनातन धर्म के साथ खुलेआम निंदनीय खिलवाड़ किया गया है. इससे हम सभी सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं.

Tags: CM Madhya Pradesh MP News, Latest hindi news, Local18, Lord Ram, Mp news, Sagar news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More