
हाइलाइट्स
हाई कोर्ट के आदेश से एक साल बाद कब्र से निकला गया राहुल मिंज का शव.
2 जून 2022 को संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी युवक राहुल मिंज की मौत.
मौत के बाद लोगों की बातों में आकर परिजनों ने कर दिया था अंतिम संस्कार.
रांची. रांची के रहने वाले राहुल मिंज की मौत स्वभाविक थी या फिर उसकी हत्या की गई थी? इसकी जांच शुरू कर दी गई है और इसके लिए एक साल बाद शव को कब्र से निकाला गया. मंगलवार को मामले की तफ्तीश के लिए राहुल मिंज के शव को मजिस्ट्रेट के सामने कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया. बता दें कि मामले को लेकर मृतक के परिजनों ने इंसाफ की गुहार लगाई थी, जिसके बाद शव को बाहर निकालने के लिए हाई कोर्ट का निर्देश मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
रांची के लालपुर थाना पुलिस और शहर सीओ की मौजूदगी में राहुल मिंज की मौत की गुत्थी को सुलझाने के लिए लालपुर थाना क्षेत्र के सरायटांड़ स्थित कब्रिस्तान से शव को बाहर निकाला गया. ऐसे में कहा जा सकता है कि कब्र से निकाली गई लाश अपनी मौत का राज खुद खोलेगा. बता दें कि 2 जून 2022 को राहुल मिंज की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी, जब वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था.
परिजनों को उसकी मौत अस्वाभाविक लगी पर लोगों की बातों में आकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था. राहुल मिंज के शव को लालपुर थाना क्षेत्र के सरईटांड स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया था, लेकिन मामले में नया मोड़ तब आ गया जब राहुल की बहन कुसुम मिंज ने अपने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच के लिए हाई कोर्ट पहुंच गई.
हालांकि, जुलाई 2022 से ही परिजन पुलिस थाने के चक्कर काट रहे थे. मामला जिला कोर्ट होते हुए हाई कोर्ट पहुंचा और वहां से शव को कब्र से निकालने का आदेश जारी हो गया. हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद राहुल के मौत मामले में रांची के लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और अब इस जांच मे पुलिस जुट गई है कि राहुल की मौत स्वाभाविक है या फिर इसके पिछे किसी की साजिश?
राहुल मिंज की संदेहास्पद मौत के मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए शव को कब्र से बाहर निकाल दिया गया है, लेकिन देखना यह दिलचस्प होगा कि आखिर राहुल की मौत शादी समारोह के बीच अचानक कैसे हो गई? इसके साथ ही एक और पहलू ये कि उसकी मौत की जानकारी किसी और को कैसे नहीं हुई? अब पुलिस की जांच इस बिंदु ओर भी ज्यादा केंद्रित होगी कि क्या इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं थी?
.
Tags: Crime News, Jharkhand news, Ranchi Police
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 11:22 IST






