
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने मंगलवार को सभी विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की. इस बैठक में उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के अंतर्गत बंधे के चौड़ीकरण और पुल निर्माण के कामों की भी समीक्षा की. इसमें उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को बिना अनुमति सड़क खोदे जाने पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
साथ ही उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रोजेक्ट के एलाइनमेंट में बाधा बन रही जलापूर्ति लाइन को शिफ्ट करने का काम दो माह में पूरा करा लिया जाए. साथ ही आर.ई.वॉल के एलाइनमेंट में आ रहे विद्युत के बिल के डिमार्केशन का काम विद्युत विभाग द्वारा मौके पर करा लिया जाए. इस दौरान जगत नारायण रोड पर जल निगम की ओर से कराये जा रहे कार्यों की खराब गुणवत्ता पर मण्डलायुक्त ने विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी. उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के सड़क की खुदाई करने पर सम्बंधित संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी.
हेरिटेज जोन की सुरक्षा में लगेंगे रिटायर सैन्यकर्मी
इस दौरान मण्डलायुक्त ने बैठक में निर्देश दिए कि लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से हुसैनाबाद (हेरिटेज जोन) में कराये गये विकास और सौंदर्यीकरण के कामों का हुसैनाबाद ट्रस्ट के जरिए जल्द से जल्द हैंडओवर लिया जाए. इसके बाद ट्रस्ट की ओर से रखरखाव का काम कराया जाए. उन्होंने एडीएम को निर्देशित किया कि हेरिटेज जोन में साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए वॉलंटियर्स लगाए जाएं और सुरक्षा के लिए रिटायर सैन्य कर्मियों को तैनात किया जाए. वहीं, इकाना स्टेडियम के बगल में बंधे के निर्माण के सम्बंध में मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग, तहसील और प्राधिकरण के अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों से सहमति के आधार पर इसका कार्य निष्पादित करा लिया जाए.
.
Tags: Local18, Lucknow news, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 23:00 IST






