
सच्चिदानंद/पटना: हरे कृष्णा, हरे रामा के जयकारे और भजन के साथ भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पटना की सड़कों पर निकली. हजारों की संख्या में भक्त शामिल हुए और रथ को खींचने के लिए उत्सुक दिखे. भक्ति भाव में विभोर भक्त भजन पर नृत्य के जरिए अपनी उत्सुकता और भक्ति को प्रदर्शित करते हुए तपती गर्मी के बावजूद भी इस यात्रा में शामिल हुए.
40 फीट ऊंचे रथ में श्री बलदेव और सुभद्रा जी के साथ भगवान जगन्नाथ विराजमान थे. इस बार यात्रा में रथ के आगे-आगे रॉक बैंड भी नजर आया, जिसके भजन पर भक्त झूम रहे थे. इस्कान पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने बताया कि बुद्ध मार्ग स्थित इस्कान मंदिर से रथ यात्रा की शुरुआत दोपहर पौने तीन बजे हुई. फिर तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट, बिहार संग्रहालय, पटना वुमेंस कॉलेज होते हुए शाम सात बजे मंदिर परिसर में वापस पहुंची.
40 फीट ऊंचे रथ पर थे भगवान जगन्नाथ
इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाले गए रथ की ऊंचाई 40 फीट थी, जो हाइड्रोलिक सिस्टम से युक्त थी. इस अद्भुत रथ पर सवार होकर भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव और बहन सुभद्रा नगर भ्रमण पर निकले और भक्तों को दर्शन दिए. भगवान का एक दर्शन पाने और रथ खींचने के लिए लोगों की भारी भीड़ पटना की सड़कों पर थी. इस यात्रा में शामिल सभी भक्त चाहे वो बच्चे हों, बूढ़े हों, पुरुष हों या फिर महिलाएं, सभी झूमते हुए दिखाई दे रहे थे. तपती गर्मी पर लोगों की आस्था भारी पड़ती हुई दिखाई दी. इस दौरान पानी की व्यवस्था पूरे रास्ते में की गई थी. ड्रोन के जरिए भगवान के रथ पर पुष्प वर्षा भी करवाई गई.
23 वर्षों से निकाली जा रही यात्रा
पटना में इस्कॉन मंदिर की तरफ से पहली बार साल 2000 में रथ यात्रा की शुरुआत की गई थी. तब से लगातार हर साल इस यात्रा की भव्यता में वृद्धि होती चली गई. इस साल पहली बार रॉक बैंड को शामिल किया गया था. अलग-अलग देशों से भक्तों ने भी इस रथयात्रा में भाग लिया. ऐसी मान्यता है कि जो भी इस रथ को खींचता है, उसे 100 यज्ञों का पुण्य मिलता है. भगवान के प्रति श्रद्धा ऐसी की रथ को खींचने के लिए लोगों में होड़ सी मच गई.
.
Tags: Bihar News, Jagannath Rath Yatra, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 20:24 IST






