‘आदिपुरुष’ के विवाद के बीच प्रभास ने बना डाला अनोखा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले साउथ के पहले एक्टर


नई दिल्ली. प्रभास, कृति सेनन की फिल्म ‘आदिपुरुष’ रिलीज के बाद से ही लगातार खबरों में बनी हुई है. 500 करोड़ रुपये के मेगा बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स- ऑफिस पर पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन दर्ज कर लिया था. वीक डेज के चलते भले ही फिल्म के कलेक्शन में गिरावट देखी गई है, लेकिन ‘आदिपुरुष’ के विवादों में घिरे होने के बावजूद इस फिल्म की बदौलत साउथ के सुपरस्टार  प्रभास ने कई अनोखे रिकॉर्ड दर्ज कर लिए हैं. 

पैन इंडिया स्टार बन चुके प्रभास की कई फिल्में बॉक्स- ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी हैं. ‘आदिपुरुष’ के कलेक्शन के साथ ही प्रभास ने बॉक्स- ऑफिस पर चौथा शतक जड़ दिया है. एक्टर की पिछली फिल्में- ‘बाहुबली’, ‘बाहुबली 2’ और ‘साहो’ हिंदी में डब की गई थीं. जबकि ‘आदिपुरुष’ एक ओरिजिनल हिंदी फिल्म है. इसी के साथ प्रभास पहले साउथ स्टार बन चुके हैं जिनकी हिंदी फिल्म ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है.

3 फिल्में पहले ही दिन कमा चुकी हैं 100 करोड़-
इतना ही नहीं ‘आदिपुरुष’ ने प्रभास के नाम एक और शानदार रिकॉर्ड दर्ज कर दिया है. प्रभास इकलौते एक्टर हैं जिनकी 3 फिल्मों ने पहले ही दिन 100 करोड़ की कमाई की. इससे पहले एक्टर की फिल्म ‘साहो’ और ‘बाहुबली 2’ ने 100 करोड़ से ज्यादा कमाई के साथ जबरदस्त ओपनिंग की थी. 

कलेक्शन पर पड़ा असर-
अब अगर बात करें. ‘आदिपुरुष’ की तो ओम राउत के निर्देशन में बनी ये फिल्म पहले ही दिन से विवादों में घिरी हुई है. फिल्म के डायलॉग्स ने दर्शकों को काफी निराश किया है. सोशल मीडिया और सिनेलवर्स द्वारा ट्रोल किए जाने के बाद अब मेकर्स फिल्म में बदलाव करने की बात कर रहे हैं.  हालांकि, फिल्म को लेकर हो रहे विवादों का सीधा असर फिल्म के कलेक्शन पर भी दिखाई दे रहा है.

उतर रहा फिल्म का खुमार-
‘आदिपुरुष’ की रिलीज से पहले फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे थे, लेकिन अब धीरे- धीरे फिल्म का खुमार उतरते दिख रहा है जिस वजह से ये फिल्म बॉक्स-ऑफिस पर मंडे टेस्ट में बुरी तरह फेल हो गई. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि आखिर ये फिल्म अपनी लागत तक भी वसूल कर पाती है या नहीं.

Tags: Adipurush, Entertainment news., Kriti Sanon, Prabhas

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More