
Dirty Bucket And Mug Cleaning Tips: घर को साफ सुथरा रखने के लिए यह बहुत ही जरूरी है कि हर हफ्ते बाथरूम की डीप क्लीनिंग करें. ऐसा करने से घर में बैक्टीरिया पैदा नहीं होंगे और संक्रमण नहीं बढ़ेगा, इस तरह घर के लोग बीमारियों से बचे रहेंगे. लेकिन कई लोग हैं जो ये सोचकर अपने बाथरूम को तो साफ कर लेते हैं, लेकिन वहां रखी बाल्टी या मग की सफाई नहीं करते. ऐसे में ये गंदे होते जाते हैं और उन पर काई सी जमने लगती है. यही नहीं, कई घरों में तो हार्ड वाटर सप्लाई की वजह से भी मग और बाल्टी पर सफेद से दाग हो जाते हैं जो आसानी से नहीं जाते. ऐसे में हम बताते हैं कि आप इन जिद्दी दाग को आसानी से किस तरह साफ कर सकते हैं और वो भी मिनटों में.
बाल्टी और मग को इस तरह करें साफ
बेकिंग सोडा
पीली बाल्टी और गंदे मग को आसानी से साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसकी मदद से आप एक सॉल्यूशन बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए आप एक बर्तन में डिश सोप, नींबू का रस और बेकिंग सोडा डालें और एक मिक्सचर बना लें. अब बाल्टी को साफ करने के लिए सबसे पहले इसे थोड़े से पानी में मिलाएं और बाल्टी मग को धो लें. अब बाल्टी में इस घोल को डालें और स्क्रबर की मदद से इसे स्क्रब करें. अब टूथब्रश की मदद से कॉर्नर एरिया साफ करें. अब इस सॉल्यूशन को 10 मिनट के लिए छोड़ दें. फिर इस रगड़ते हुए नल के नीचे रखें और धो लें. बाल्टी और मग चमक उठेंगे.
विनेगर
गंदे बाल्टी को आप साफ करने के लिए विनेगर का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक कप में आप वाइट विनेगर डालें और इसमें 3 से 4 चम्मच बर्तन साफ करने वाला लिक्विड डिटर्जेंट डाल ले. अब इसे बाल्टी में अच्छी तरह से लगा लें. फिर ब्रश की मदद से बाल्टी को रगड़ें. दाग आसानी से साफ होंगे.
ये भी पढ़ें: 5 आसान तरीकों से करें कूलर की सफाई, मिनटों में हो जाएगा स्मेल और बैक्टीरिया फ्री, लुक भी दिखेगा बिल्कुल न्यू
हार्पिक क्लीनर
घर घर में हार्पिक क्लीनर मौजूद होता है. अगर आपके पास कम समय है तो आप हार्पिक को स्क्रबर पर डालें और गीली बाल्टी में इसे अच्छी तरह से लगा दें. दो मिनट बाद इसे रगड़कर साफ करें. मग और बाल्टी मिनटों में चमक जाएंगे.
ये भी पढ़ें: आसान तरीकों से पाएं सिंक के कीड़ों से छुटकारा, सफाई करने के लिए फॉलो करें ये टिप्स
हाइड्रोजन पेरॉक्साइड
बाल्टी में अगर दाग जिद्दी हैं तो इसे हटाने के लिए आप इसमें थोड़ा पानी डालें और एक चम्मच हाइड्रोजन पेरॉक्साइड मिलाएं. अब इसे ब्रश की मदद से अच्छी तरह रगड़ें. फिर बाल्टी को पानी से धो लें. ये चमक जाएगी. (Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)






