
हाइलाइट्स
गहलोत सरकार का बड़ा कदम
राजस्थान के अलवर, जैसलमेर और नागौर में होंगे कार्य
सर्वाधिक राशि नागौर के धार्मिक स्थलों पर की जाएगी खर्च
जयपुर. राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार धार्मिक पर्यटन (Religious Tourism) को बढ़ावा देने के लिए अब मंदिरों को ट्यूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करेगी. इसके लिए राज्य सरकार ने 13.48 करोड़ के कार्यों की वित्तीय स्वीकृतियां जारी की हैं. मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की थी. इसके तहत नागौर, जैसलमेर और अलवर (Nagaur, Jaisalmer and Alwar) के धार्मिक स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 13.48 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया है.
इनमें नागौर जिले में बुटाटी में 3.10 करोड़ रुपये, घाटवेश्वर महादेव मंदिर में 1.65 करोड़, हरमलदास जी महाराज मंदिर में 1.61 करोड़ और दरगाह हजरत सम्मन बड़ी खाटू में 1.36 करोड़ रुपये सहित कुल 7.74 करोड़ रुपये के विभिन्न पर्यटन विकास कार्य कराए जाएंगे. इसके साथ ही जैसलमेर स्थित ऐतिहासिक धार्मिक पर्यटन स्थल श्री काले डूंगर राय मंदिर परिसर में विकास कार्यों के लिए 1.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की गई है. इस राशि से मंदिर प्रांगण में मार्बल टाइल्स, सोलर पावर प्लांट, नवीन धर्मशाला निर्माण, बैंचों की मरम्मत, मंदिर तक जाने के लिए सीसी रोड, जैसलमेर-जेठवाई-काले डूंगर सड़क के उन्नयन सहित विभिन्न विकास कार्य होंगे.
बानसूर किला स्थित माताजी मंदिर का होगा विकास
अलवर जिले के बानसूर के किले में स्थित माताजी मंदिर, गंगा माता मंदिर और तालवृक्ष में विकास कार्य करवाने के लिए 4.24 करोड़ रुपये के वित्तीय प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया है. स्वीकृत राशि से बानसूर किला स्थित माताजी मंदिर में सीढियों की मरम्मत, किले में नए पाथ-वे का निर्माण, स्टील रेलिंग, नवीन हॉल, पत्थर की बैंचों का निर्माण, सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना और मंदिर प्रांगण में विभिन्न उन्नयन कार्य कराए जाएंगे. साथ ही गंगा माता मंदिर तालवृक्ष में नवीन धर्मशाला निर्माण, सोलर लाइट, मंदिर परिसर में पार्किंग, चारदीवारी निर्माण सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे.
जैसलमेर और नाथद्वारा में हेलिकॉप्टर राइडिंग शुरू की गई है
उल्लेखनीय है कि राजस्थान देश में पर्यटन की दृष्टि से काफी अहम है. बीते कुछ समय से राजस्थान में पर्यटन पर राज्य सरकार ने खासा ध्यान दिया है. जैसलमेर और नाथद्वारा हेलिकॉप्टर राइडिंग भी शुरू की गई है. वहीं अन्य पर्यटक स्थलों के विकास पर भी गहलोत सरकार ने खासा फोकस रखा है.
.
Tags: Ashok Gehlot Government, Jaipur news, Rajasthan news, Rajasthan Tourism Department
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 17:09 IST






