
पवन सिंह कुंवर/हल्द्वानी. उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में हर जगह, हर चौराहे, हर फुटपाथ पर आपको अतिक्रमण दिखाई देगा. हाल यह है कि जनता के चलने की जगह सड़कों पर नहीं बची है. शहर में सैकड़ों बार अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान चला लेकिन सभी अभियान फेल नजर आए. हाल यह है कि लगातार हल्द्वानी शहर अब अतिक्रमण की जद में घिरता जा रहा है, जिसे देखने वाला कोई नहीं है. काठगोदाम सड़क के किनारे फुटपाथ की बात करें या हल्द्वानी शहर के एमबीपीजी कॉलेज की बात करें, हर जगह आपको अतिक्रमण दिखाई देगा. सिंधी चौराहे के पास तो सड़कों पर दुकानें सजी हुई हैं, लेकिन नगर निगम चुप्पी साधे हुए है.
हल्द्वानी शहर के मुख्य कालाढूंगी चौराहा, सिंधी चौराहा, एमबीपीजी कॉलेज से लेकर कुमाऊं के सबसे बड़े सुशीला तिवारी अस्पताल के पास भी आपको तमाम जगह अतिक्रमण देखने को मिलेगा. नगर निगम कई बार कार्रवाई भी करता है लेकिन नगर निगम की जितनी भी कार्रवाई अभी तक हुई है, सब असफल नजर आ रही है. सिंधी चौराहे का हाल तो यह है कि सड़क तक लोगों ने अपनी दुकानें सजाई हैं. बाजारों का हाल भी यही है. बाजारों में लोगों के चलने तक की जगह नहीं बची है.
अतिक्रमण है जाम की वजह
शहर में जाम की भी सबसे बड़ी वजह अतिक्रमण ही है. हल्द्वानी के ज्यादातर चौक-चौराहों पर हर पांच मिनट में जाम लग जाता है. नगर निगम जब अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाता है, तो दुकान मालिक अपना सामान अंदर कर लेते हैं, रेहड़ी-स्टॉल लगाने वाले उस दिन छुट्टी कर लेते हैं और फिर अगले दिन फिर वही हाल.
जल्द हो सकती है संयुक्त अभियान की शुरुआत
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने इस बारे में कहा कि प्रशासन और नगर निगम जल्द ही संयुक्त रूप से अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाने के लिए अभियान चलाएगा.जिन जिन जगहों पर अतिक्रमण है और इसकी वजह से जनता को परेशानी हो रही है, उस जगह से अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू किया जाएगा. हल्द्वानी नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने कहा कि इस बार अभियान के बाद फिर से अतिक्रमण न होने पाए, इसके लिए निगम की एक टीम को और प्रभावी किया जाएगा.
लोगों का पैदल चलना हुआ मुश्किल
हल्द्वानी निवासी लक्ष्मण सिंह जीना ने कहा कि शहर में लगातार अतिक्रमण बढ़ रहा है और प्रशासन को लगातार अभियान चलाना होगा. प्रशासन बड़े-बड़े अवैध निर्माणों के खिलाफ तो कार्रवाई कर रहा है लेकिन जमीनी स्तर पर फुटपाथ और अन्य जगहों पर लोग धीरे-धीरे अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे लोगों का शहर में चलना भी मुश्किल हो गया है. जिसका नतीजा हल्द्वानी शहर में देखने को मिल रहा है और अतिक्रमण से पूरा हल्द्वानी धीरे-धीरे घिर रहा है.
.
Tags: Haldwani news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 15:37 IST






