
हाइलाइट्स
हत्या की ये घटना पटना के सिटी इलाके की है
मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है
हत्या की घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में लगी है
पटना. राजधानी पटना में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. अपराधियों द्वारा आए दिन अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, बावजूद इसके पुलिस इन घटनाओं को रोक पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है. ताजा मामला चौक थाना क्षेत्र के मिर्चाई गली के पास का है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी की इस घटना में एक राहगीर के भी पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया.
घायल को इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान खाजेकलां थान क्षेत्र के गुरहट्टा माशूक अली रोड निवासी विनोद कुमार उर्फ़ टेनी के रूप में की गई है जो पुराना अपराधी बताया जाता है.
बताया जाता है कि विनोद कुमार उर्फ टेनी स्कूटी पर सवार होकर चौक सब्जी मंडी से सब्जी लेकर वापस अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान मिर्चाई गली के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के संबंध में पूछे जाने पर मृतक के बड़े भाई विनोद कुमार ने हत्या के कारणों को बताने में असमर्थता जताते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है.
मृतक के भाई ने बताया कि विनोद उर्फ टेनी सोने-चांदी का भी कारोबार करता था. घटना के प्रत्यक्षदर्शी घायल पप्पू कुमार ने बताया कि वह सड़क से गुजर रहे थे, इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई जिससे एक गोली उनके पैर में जा लगी. मौके पर मौजूद चौक थानाध्यक्ष गौरी शंकर गुप्ता ने आपसी रंजिश में विनोद उर्फ टेनी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक विनोद उर्फ टेनी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, और वह पिछले वर्ष हत्या मामले में जेल गया था जो हाल ही में जेल से छूट कर बाहर आया था. पुलिस ने घटनास्थल से 10 खोखा भी बरामद किया है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से अज्ञात अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान में जुटी है. दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है.
.
Tags: Bihar News, Crime News, Murder, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 15:23 IST






