
हिना आजमी/देहरादून. उत्तराखंड के देहरादून में कई टूरिस्ट प्लेस हैं, जहां लोग घूमना फिरना पसंद करते हैं. अपनी गाड़ी हो तो और भी ज्यादा आनंद लिया जा सकता है. हालांकि कुछ लोगों के पास गाड़ी नहीं होती या फिर वह इतनी दूर गाड़ी नहीं ला पाते, लेकिन ऐसे लोग भी टू व्हीलर से दून में सैर कर सकते हैं. देहरादून में फोर व्हीलर की तरह बाइक भी रेंट पर दी जाती है. अगर आप देहरादून घूमना चाहते हैं, तो कुछ चार्ज देकर ये गाड़ियां रेंट पर लेकर अपनी डेस्टिनेशन पर जा सकते हैं. आइए जानें आपके लिए क्या करना होगा.
अगर आप भी सोच रहे हैं कि देहरादून में अपने पार्टनर के साथ बाइक या स्कूटी से सैर की जाए, तो देहरादून में कई ऐसी एजेंसी चल रही हैं. यह एजेंसी बाइक और स्कूटी रेंट पर देती हैं. जबकि बाइक और स्कूटी लेकर न सिर्फ देहरादून में घूम सकते हैं बल्कि किसी भी जिले या चारधाम यात्रा पर भी जा सकते हैं.
रेंटल बाइक एजेंसी चलाने वाले चेतन ने बताया कि लोग देश विदेश से देहरादून घूमने आते हैं, लेकिन कई लोगों के पास गाड़ी नहीं होती, तो वह हमसे गाड़ी रेंट पर लेकर जाते हैं. उन्होंने बताया कि सुबह से ही रेंटल बाइक लेने के लिए लोग पहुंच जाते हैं. अगर देहरादून की बात करें तो ज्यादातर लोग रेंटल बाइक का सफर मसूरी तक तय कर जाते हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद लोग यहां आते हैं और टू व्हीलर रेंट पर ले जाते हैं. चेतन बताते हैं कि कई होटलों से भी पर्यटकों के लिए गाड़ियों की डिमांड आती है. उनका कहना है कि गर्मियां लगते ही पर्यटकों का आना शुरू हो जाता है और ऐसे में ही उनका कारोबार भी अच्छा चलता है.
वहीं, दूसरी एजेंसी चलाने वाले रजत बताते हैं कि इस बार उनके पास सबसे ज्यादा राजस्थान से लोग पहुंच रहे हैं, जो कि टू व्हीलर रेंट पर लेकर दूर दूर जा रहे हैं. राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के लोग भी टू व्हीलर रेंट पर लेने आते हैं. रजत ने बताया कि गाड़ी की कंडीशन के हिसाब से उसके चार्ज लगते हैं. 24 घंटे के लिए 600 रुपये से शुरुआत होती है. जैसे-जैसे महंगी गाड़ी होती है उसके दाम बढ़ते जाते हैं. जैसे अगर कोई स्कूटी लेना चाहता है, तो 600 रुपये में पड़ती है. वहीं कोई अपाचे बाइक ले जाना चाहता है, तो 800 रुपये है. इसके अलावा बुलेट का किराया एक हजार रुपये प्रति 24 घंटा है.
रेंट पर बाइक के लिए ये हैं जरूरी चीजें
रजत ने बताया कि अगर कोई बाइक रेंट पर लेना चाहता है, तो उसके पास आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए. इसके अलावा एक एप्लीकेशन पर उनका रजिस्ट्रेशन करवाया जाता है. इसके बाद उन्हें गाड़ी दी जाती है. साथ ही उनका कहना है कि पर्यटक सावधानी पूर्वक लाइसेंस धारक एजेंसी से ही गाड़ी रेंट पर लें, क्योंकि कई फ्रॉड भी इस कारोबार में घुस गए हैं. ऑनलाइन बुकिंग से पहले एजेंसी की जांच जरूर कर लें और हो सके तो दुकान से ही रेंट पर बाइक लें. कई ब्रोकर्स ज्यादा दाम लोगों से लेते हैं. अगर आप भी देहरादून आ रहे हैं और बाइक रेंट पर लेना चाहते हैं, तो आपको प्रिंस चौक, शिमला बायपास चौक, आईएसबीटी, चकराता रोड और हनुमान चौक जैसी जगहों पर टू-व्हीलर रेंट पर मिल जाएंगे.
.
Tags: Bullet Bike, Tourist Places, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 17:56 IST






