IND vs WI : नवजोत सिद्धू के डेब्‍यू टेस्‍ट में कपिल देव ने बनाया ऐसा रिकॉर्ड जो अब तक नहीं टूटा, फिर भी हार गया था भारत

नई दिल्‍ली. Indian team west indies tour: वेस्‍टइंडीज में टेस्‍ट, वनडे और टी20 सीरीज खेलने के लिए भारतीय टीम जल्‍द ही वेस्‍टइंडीज के दौरे पर रवाना होगी. टेस्‍ट क्रिकेट की बात करें तो 20वीं सदी में दोनों टीमों के मुकाबलों में ज्‍यादातर मौकों पर वेस्‍टइंडीज (India vs West Indies)टीम का पलड़ा भारी रहा है. इस दौर में क्‍लाइव लॉयड,विव रिचर्ड्स व गॉर्डन ग्रीनिज जैसे बल्‍लेबाजों और एंडी रॉबर्ट्स, माइकल होल्डिंग और मैल्‍कम मॉर्शल जैसे नामी गेंदबाजों की अगुवाई में इंडीज टीम, पूरी दुनिया के लिए ही लगभग अजेय थी. हालांकि इन खिलाड़ियों के रिटायर होने और कैरेबियन द्वीप में बॉस्‍केटबॉल और एथलेक्टिस के प्रति युवाओं के रुख करने के बाद इंडीज टीम का क्रिकेट के खेल में दबदबा खत्‍म हो चुका है और अब हालत यह है कि वर्ल्‍डकप में क्‍वालिफाई करने के लिए इस टीम को वर्ल्ड कप क्वालीफायर का भी सहारा लेना पड़ रहा है.

वर्ष 1983 में टीम इंडिया के हाथों वर्ल्‍डकप हारने का जख्‍म झेलने के बाद वेस्‍टइंडीज ने भारत का दौरा किया था. इंडीज टीम के लिए यह सीरीज एक तरह से वर्ल्‍डकप की हार का बदला चुकाने का मौका था और उसने भारतीय टीम को टेस्‍ट में 3-0 और वनडे में 5-0 के एकतरफा अंतर से रौंद दिया था. अहमदाबाद में हुए सीरीज के तीसरे टेस्‍ट मैच में भारतीय टीम के कप्‍तान कपिल देव ने पारी में 9 विकेट लेकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया था लेकिन इसके बावजूद टीम को 138 रन से मैच हारना पड़ा था. कप‍िल देव (Kapil Dev)का दूसरी पारी के दौरान 30.3-6-83-9 का गेंदबाजी विश्‍लेषण, अब तक टेस्‍ट क्रिकेट में किसी कप्‍तान का एक पारी में सर्वश्रेष्‍ठ बॉलिंग प्रदर्शन है.भारत के लिए नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Sidhu)ने इस टेस्‍ट से अपने करियर का आगाज किया था.

अच्‍छी शुरुआत का फायदा नहीं ले पाई थी भारतीय टीम
अहमदाबाद में हुए टेस्‍ट में पहले बैटिंग करते हुए इंडीज टीम पहली पारी में मनिंदर सिंह (4 विकेट) और रॉजर बिन्‍नी (3 विकेट) की गेंदबाजी के आगे 281 रन बनाकर आउट हो गई थी. एक समय टीम ने 7 विकेट महज 168 रन पर गंवा दिए थे लेकिन विकेटकीपर बैटर जैफ डुजोन (98) ने पुछल्‍ले प्‍लेयर्स के साथ संघर्ष करके टीम को 281 रन तक पहुंचाया था. जवाब में भारतीय टीम अच्‍छी शुरुआत के बावजूद 241 रन बनाकर आउट हो गई थी. सुनील गावस्‍कर (90)और अंशुमन गायकवाड़ (39) ने पहले विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी की थी लेकिन इसके बाद कपिल देव (31) को छोड़कर अन्‍य कोई बैटर टिक नहीं सका था. वेस्‍टइंडीज के लिए वेन डेनियल ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए थे.

अकेले कपिल ही इंडीज की बैटिंग पर पड़े थे भारी
पहली पारी के आधार पर इंडीज को 40 रन की बढ़त मिली थी. दूसरी पारी में एक तरह से वेस्‍टइंडीज की बैटिंग और कपिल देव की बॉलिंग का मुकाबला था. कपिल ने 30.3 ओवर की बॉलिंग में 83 रन देकर 9 विकेट लेते हुए इंडीज की पारी को 201 रन पर समेट दिया था.इस पारी में कपिल ने वेस्‍टइंडीज के ग्रीनिज,रिचर्ड्स,लेरी गोम्‍स,लॉयड,लोगी, डुजोन, मार्शल, होल्डिंग और डेनियल को पवेलियन लौटाया था जबकि एक अन्‍य विकेट बलविंदर संधु के खाते में गया था.बहरहाल 242 का टारगेट भी भारत को बेहद भारी पड़ा था और वेस्‍टइंडीज के फॉस्‍ट बॉलर्स के आगे समर्पण करते हुए टीम महज 103 रन पर ढेर हो गई थी. भले ही मैच इंडीज टीम ने जीता था लेकिन कपिल देव के करिश्‍माई गेंदबाजी प्रदर्शन के कारण यह मैच भारतीय फैंस के लिए यादगार बन गया था.

Tags: India vs west indies, Kapil dev, Team india

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More