शाबाश! ट्रक चालक के बेटे ने जीता गोल्ड, एथलीट में हरियाणा का बढ़ाया मान

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कासिम खान/मेवात: मेवात में ट्रक चालक के बेटे जुनैद ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उड़ीसा में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित 62वीं नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 35 किलोमीटर पुरुष वर्ग पैदल चाल स्पर्धा में जुनैद ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है.

प्रतियोगिता में जुनैद ने हरियाणा की ओर से भाग लिया था. उसकी कामयाबी पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई देना शुरू कर दिया है. एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के सहयोग से भुवनेश्वर में आयोजित प्रतियोगिता में हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब आदि राज्यों के एथलीट्स ने पुरुष वर्ग की 35 KM पैदल चाल स्पर्धा में भाग लिया था. शुक्रवार को बेहद गर्मी में आयोजित इस प्रतियोगिता को जुनैद ने तीन घंटे 37 सेकंड में पूरा कर स्वर्ण पदक हासिल किया.

अभ्यास कर विदेश से लौटे
जुनैद ने बताया कि बेहतर प्रशिक्षण और कड़ी मेहनत की बदौलत ही वह यहां तक पहुंच पाए हैं. अब वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन गेम्स में मेडल जीतकर हरियाणा का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन करना है. बता दें कि एथलेटिक फेडरेशन द्वारा जुनैद को देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों में शामिल कर अभ्यास के लिए किर्गिस्तान भेजा था और इसी हफ्ते विदेश से अभ्यास वापस भारत लौटे हैं.

कई पदक जीत चुके
तावडू के पचगांव निवासी जुनैद बेहद ही साधारण और गरीब परिवार से संबंध रखते हैं. दस सदस्यीय जुनैद का परिवार एक झोपड़ी में रहता है. उनके पिता ट्रक चालक हैं. परिवार में दो भाई, छह बहने हैं, जुनैद सबसे बड़े हैं. 24 वर्षीय युवा एथलीट जुनैद अब तक 14 बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल कर चुके हैं. साल 2017 से वह लगातार पैदल चाल स्पर्धा में पदक हासिल करते आ रहे हैं. जुनैद को फिलहाल क्षेत्र की वरिष्ठ संस्था एमथ्रीएम फाउंडेशन की ओर से सहयोग किया जा रहा है.

परिवार में खुशी का माहौल
जुनैद के ताऊ रोशन ने बताया कि उनके परिवार के सभी लोग खेती बाड़ी पशुपालन और मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते हैं. जुनैद के पिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ट्रक चालक होते हुए भी उन्होंने जुनैद की प्रतिभा को पहचाना और उसे भरपूर सहयोग किया. जुनैद की मां रोशनी का कहना है कि बेटे की सफलता की बात सुनकर उन्हें बेहद खुशी होती है और उन्हें उम्मीद है कि वह देश के लिए भी मेडल हासिल कर नाम रोशन करेगा.

Tags: Indian Athletes, Local18, Mewat news, Sports news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें