
विशाल कुमार/छपरा. आभा कार्ड के जरिए स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एक क्लिक पर मिल जाएगी. हर उम्र के लोगों की स्वास्थ्य संबंधी डाटावेस ऑनलाइन स्टडी करने के लिए आभा एक डिजिटल कार्ड के रूप में काम करेगा. यह आधार कार्ड की तरह है जो लोगों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों को ऑनलाइन सुरक्षित रखता है. बिहार के छपरा में भी इस डिजिटल कार्ड को बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
खास बात यह है कि इस कार्ड के जरिए यह पता लगाना आसान हो जाएगा कि मरीज को कौन सी बीमारी हुई थी और कहां इलाज कराया गया था. साथ ही किस प्रकार की जांच हुई थी और चिकित्सक ने कौन सी दवाई दी थी. इससे चिकित्सकों को केस स्टडी जानने में न सिर्फ आसानी होगी बल्कि मेडिकल हिस्ट्री जानना भी आसान हो जाएगा.
आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक्ड रहने पर होगा रजिस्ट्रेशन
भव्या के जिला समन्वयक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि आभा कार्ड बनवाने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होता है. रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए आधार कार्ड और उससे लिंक्ड मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ती है. उसी के आधार पर रजिस्ट्रेशन किया जाता है. उसके बाद यह कार्ड बन जाता है. इसके लिए छपरा सदर अस्पताल में इलाज कराने के लिए पर्ची जहां कटाया जाता है वहीं आभा कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होता है. लाभार्थियों को इस कार्ड से यह फायदा होगा कि जब भी आप किसी चिकित्सक के पास जाएंगे, आपके मोबाइल नंबर के माध्यम से जारी यूनिक नंबर सर्च करते ही ऑनलाइन आपके स्वास्थ्य संबंधित पूरी जानकारी मिल जाएगी.
छपरा के सदर अस्पताल में जाकर आभा कार्ड के लिए करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
भव्या के जिला समन्वयक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि आभा कार्ड बनाने के लिए छपरा सदर अस्पताल के कंप्यूटर निबंधन काउंटर पर रजिस्ट्रेशन का काम चल रहा है. इसके साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में रजिस्ट्रेशन हो रहा है. जिसका लाभ छपरा के लोग उठा सकते हैं. उन्होंने बताया कि आभा कार्ड बनाने के लेकर लोगों में जागरूकता की कमी है. लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. साथ ही आधार कार्ड की तरह यह स्वास्थ्य संबंधित सभी जानकारी सहेज कर रखेगा. इस जानकारी को व्यक्ति जब चाहे तब मोबाइल पर भी खोलकर देख सकता है. इसमें मरीज के नीजता का भी ख्याल रखा गया है. यानि चिकित्सक मरीज की सहमित के बाद हीं आभा कार्ड पर उनकी हेल्थ हिस्ट्री जान पाएंगे.
.
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 12:53 IST






