
हाइलाइट्स
कार्मिक विभाग ने जारी की सूची
आईपीएस वंदिता राणा को बनाया दौसा एसपी
नए संभागों और जिलों में लगाए विशेषाधिकारी
जयपुर. राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले अशोक गहलोत सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल (Big Administrative Reshuffle) करते हुए आठ आईएएस और 11 आईपीएस अधिकारियों का तबादला (Transfer) कर दिया है. कार्मिक विभाग ने शनिवार को इस तबादला सूची को जारी किया है. इससे कुछ दिन पहले ही गहलोत सरकार ने आईएएस और आईपीएस अधिकरियों की जंबो तबादला सूची जारी कर कई जिलों के कलेक्टर और एसपी बदले थे. इस सूची में एक बार फिर से नवगठित जिलों के लिए विशेषाधिकारियों को नियुक्त किया गया है.
कार्मिक विभाग की ओर से जारी इस सूची में 8 आईएएस में से 3 अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार किया गया है. जबकि अब तक एपीओ चल रहे 3 आईएएस को नई पोस्टिंग दी गई है. नए संभागों में से 3 संभाग में सीकर, पाली और बांसवाड़ा विशेषाधिकारी लगाए गए हैं. 11 IPS में से 8 के तबादले किये गये हैं, जबकि 3 IPS को नवगठित जिलों दूदू, गंगापुर सिटी और अनूपगढ़ में विशेषाधिकारी लगाया है.
इन IAS को बदला गया है
आईएएस डॉ. आरुषि अजेय मलिक को शासन सचिव एवं आयुक्त बाल अधिकारिता, एच. गुईटे को आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव नि:शक्तजन, श्रुति भारद्वाज को राज्य परियोजना निदेशक SMSA और अवधेश मीणा को संयुक्त शासन सचिव गृह विभाग जयपुर लगाया गया है. इसके साथ ही आईएएस उत्साह चौधरी को अतिरिक्त आयुक्त (वैट एंड आईटी) बनाया गया है. डॉ. मोहनलाल यादव को सीकर संभाग विशेषाधिकारी बनाया गया है जबकि कैलाशचंद्र मीणा को पाली संभाग विशेषाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं आईएएस राजेंद्र भट्ट को विशेषाधिकारी बांसवाड़ा संभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इसके साथ ही आईएएस भानूप्रकाश एटूरू को शासन सचिव गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
इन 11 आईपीएस को मिली नई नियुक्ति
आईपीएस मालिनी अग्रवाल को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण जयपुर, सचिन मित्तल को अतिरिक्त महानिदेशक (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) एवं साइबर क्राइम, विजय कुमार सिंह को अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस तकनीकी सेवाएं, गौरव श्रीवास्तव को महानिरीक्षक पुलिस कानून एवं व्यवस्था पुलिस मुख्यालय जयपुर, राजेंद्र सिंह को महानिरीक्षक पुलिस आरएसी जयपुर, और समीर कुमार सिंह को प्राचार्य राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र किशनगढ़ अजमेर लगाया गया है.
वंदिता राणा को पुलिस अधीक्षक दौसा लगाया
इसके साथ ही आईपीएस संजीव जैन को पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर (पश्चिम) पुलिस आयुक्तालय जयपुर, वंदिता राणा को पुलिस अधीक्षक दौसा, राजेंद्र कुमार को विशेषाधिकारी (पुलिस) अनूपगढ़, पूजा अवाना को विशेषाधिकारी (पुलिस) दूदू और देवेंद्र कुमार बिश्नोई को विशेषाधिकारी (पुलिस) गंगापुर सिटी के पद पर नियुक्त किया गया है.
.
Tags: Ashok Gehlot Government, IPS Transfer, Jaipur news, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 09:06 IST






