
शाश्वत सिंह/झांसी/दतिया.प्रसिद्ध पंडोखर सरकार की गद्दी संभालने वाले पंडित गुरुशरण शर्मा पिछले 32 साल से लोगों की अर्जियां सुन रहे हैं. उनके भक्त उन्हें त्रिकालदर्शी कहते हैं. लोगों का यह मानना है कि वह व्यक्ति की भूत और वर्तमान के साथ ही भविष्य भी बता देते हैं. लेकिन, क्या आप जानते हैं कि इन गुरुशरण शर्मा को दीक्षा देने वाले व्यक्ति कौन थे? किसने उन्हें यह सारी विद्या सिखाई? किसकी कृपा से वह पण्डोखर सरकार की गद्दी पर बैठे थे?
पंडित गुरुशरण शर्मा को दीक्षा देने वाले व्यक्ति का नाम था हाथीवान महाराज. बरहाधाम के रहने वाले हाथीवान महाराज पंडोखर सरकार आए थे और इस धाम को स्थापित किया था. पंडित राजेंद्र कुमार तिवारी बताते हैं कि हाथीवान महाराज पूर्व में एक सैनिक थे. उन पर हनुमान जी की कृपा हुई और उन्होंने पंडोखर धाम में आश्रम बनाया. इसके बाद वह लोगों की अर्जियां सुनने लगे. उनके भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई.
पुरे विश्व में है पंडोखर सरकार की ख्याति
पंडित राजेंद्र कुमार तिवारी बताते हैं कि हाथीवान महाराज की पंडित गुरुशरण शर्मा पर विशेष कृपा रही है. उनके ही आशीर्वाद से आज पंडित गुरुशरण शर्मा पंडोखर सरकार धाम की ख्याति पुरे विश्व में फैला रहे हैं. आज लाखों लोग पंडोखर सरकार धाम अपनी अर्जियां लगाने पहुंचते हैं. पंडोखर धाम दतिया जिले के भांडेर तहसील में स्थित है. यहां बुंदेलखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से लोग पहुंचते हैं.






