Gopalganj News : गोपालगंज में हाथ-पैर बांधकर युवती की हत्या, तेजाब से चेहरे को जलाने की आशंका

गोविंद कुमार/गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज में अपराधियों ने एक युवती की हाथ-पैर बांधकर हत्या कर दी है. वारदात के बाद युवती की पहचान न हो सके, इसलिए अपराधियों ने उसके चेहरे को तेजाब से जला डाला. घटना महम्मदपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी और सुपौली गांव के पास की है. मृतका की पहचान नहीं हो सकी है.

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने दूसरे इलाके में हत्या करने के बाद शव को एनएच-27 की पुलिया के नीचे फेंकने की आशंका जाहिर की है. इस मामले में महम्मदपुर थाने में चौकीदार के बयान पर अज्ञात अपराध कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है.

पुलिस ने कराया वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी
बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह सुपौली और पकड़ी गांव के बीच खेत में काम करने गये किसानों ने युवती की शव को देखा. पुलिया के नीचे फेंके गए शव को देख आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.

ग्रामीणों की सूचना पर महम्मदपुर और सिधवलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. पुलिस ने आस-पास के ग्रामीणों और पंचायत के प्रतिनिधियों से मृतका की शिनाख्त करायी. शव की पहचान नहीं हो सकी है. युवती की हत्या के मामले में पुलिस अहम बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने जांच के दौरान शव की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है. इसके बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद 72 घंटे के लिए शव को फ्रीजर में रख दिया गया.

मोतिहारी और मुजफ्फरपुर से जुड़ सकता है कनेक्शन
युवती की हत्या के मामले में जांच कर रही पुलिस टीम ने आशंका जताई है कि इस हत्याकांड का कनेक्शन मोतिहारी या मुजफ्फरपुर से जुड़ा हुआ हो सकता है. पुलिस को शक है कि अपराधियों ने मुजफ्फरपुर या मोतिहारी से युवती की हत्या करने के बाद गोपालगंज में लाकर साक्ष्य मिटाने के लिए पुलिया के नीचे फेंक दिया हो, इसलिए पुलिस मोतिहारी और मुजफ्फरपुर के थानों से भी संपर्क कर हत्याकांड की जांच कर रही.

आर्केस्ट्रा में काम करने वाली हो सकती है मृतका
युवती के शरीर पर जिस तरह से कपड़े मिले हैं और पहनावा दिख रहा है, उससे पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतका ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली हो सकती है. पुलिस ने आस-पास के आर्केस्ट्रा संचालकों के पास भी युवती की तस्वीर भेजकर पहचान के लिए तफ्तीश कर रही है. पिछले दिनों मांझा थाना क्षेत्र में भी ऐसे ही एक युवती की लाश मिली थी, जिसकी जांच में पाया गया कि वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और ऑकेस्ट्रा में काम करती थी.

इसलिए पुलिस युवती की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए कई बिंदुओं पर अलग-अलग जांच कर रही है. वहीं एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि युवती की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है. किसी दूसरे जगह हत्या करने के बाद शव को लाकर फेंके जाने की आशंका है. मौत कैसे हुई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर खुलासा होगा. महम्मदपुर थाने में पुलिस अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है.

Tags: Bihar News, Crime News, Gopalganj news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More