
नई दिल्ली. NEET Result 2023: दक्षिणी कश्मीर जिले के जागीगाम गांव के रहने वाले उमर अहमद गनी को नीट परीक्षा में 601 अंक मिले हैं. गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले गनी की इस उपलब्धि पर पूरा क्षेत्र गर्व महसूस कर रहा है. बता दें कि परिवार की आर्थिक मदद के लिए रंगाई-पुताई का काम करने वाले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में रहने वाले 20 वर्षीय एक युवक ने मेडिकल पाठ्यक्रम में एडमिशन के लिए होने वाली परीक्षा नीट-यूजी को पास कर लिया है. नीट परीक्षा का रिजल्ट मंगलवार को घोषित किया गया था.
बता दें कि दक्षिणी कश्मीर जिले के जागीगाम गांव के रहने वाले उमर अहमद गनी ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पिछले दो साल से मैं दिन में मजदूरी करता था और रात को पढ़ाई कर रहा था. मैं रंगाई-पुताई का काम भी करता हूं. मैंने कड़ी मेहनत करने और नीट पास करने की कसम ली थी और अब जाकर मुझे सफलता मिली है. गनी ने कहा कि एमबीबीएस में एडमिशन के लिए नीट-यूजी पास करने के लिए ज्यादातर खुद पढ़ाई की और कुछ ऑनलाइन कक्षाओं की मदद भी ली.
तैयारी करने वालों को सलाह
गनी ने कहा कि छात्रों को संसाधनों की कमी को लेकर चिंता नहीं करनी चाहिए और कड़ी मेहनत करने पर ध्यान देना चाहिए. अगर आपके पास पैसे नहीं भी हैं तो ऑनलाइन काफी कुछ उपलब्ध है. मैं सभी से सिर्फ कड़ी मेहनत करने को कहना चाहता हूं. खास बात यह है कि गनी की इस सफलता पर उसके घर पर उत्सव जैसा माहौल है. रिश्तेदार और पड़ोसी गनी को बधाइयां दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
Delhi University: दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू, यूजी के 78 कोर्स के लिए कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
.
Tags: Education news, NEET, Neet exam
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 21:06 IST






