
कटिहार. शराबबंदी वाले बिहार में दारू पीने वाले लोगों की मानो लौटरी सी लग गई. जिसके हाथ जितना लगा उतनी बोतलें ले गया. कोई कपड़े में डालकर तो कोई पैंट की जेब में डालकर. शराब की लूट का ये मामला बिहार के कटिहार जिला से जुड़ा है. दरअसल पिकअप वैन में आम के नीचे शराब छिपाकर ले जायी जा रही थी. कटिहार जिला के कदवा थाना क्षेत्र के सोनौली-पूर्णिया नया टोला गांव के पास आम से भरा हुआ पिकअप वाहन पलट गया. फिर क्या था ग्रामीणों की नजर आम के कैरेट के साथ-साथ उसके नीचे छिपाकर रखे गए विदेशी शराब पर पड़ी.
इसके बाद लोगों ने आम के साथ-साथ विदेशी शराब के बोतल और टेट्रा पैक को लूट लिया. इस दौरान ग्रामीण शराब और आम लूटने में इतना मशगूल हो गये कि पिकअप वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया, मगर किसी को तब पता ही नहीं चला. कदवा थाना पुलिस तक जब तक मामला जानकारी में पहुंचता तब तक पूरा माजरा ही समाप्त हो चुका था. हालांकि इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने ही शराब और आम लूट की वीडियो बना लिया था जो पूरे इलाके में तेजी से वायरल हो रहा है.
घटना के बारे में कदवा थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने उक्त स्थल से शराब के 24 टेट्रा पैक बरामद किया है. इस मामले में किसी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पायी है. बताते चलें कटिहार का यह इलाका बंगाल से सटा हुआ है और हर रोज बड़े पैमाने पर गाड़ियों में लादकर आम का खेप बिहार के कटिहार होते हुए कोशी और सीमांचल के अन्य जिला तक पहुंचती है, ऐसे में आम की खेप में छिपाकर जाम (शराब) लाने की चर्चा और पिकअप वाहन पलटते ही इसे लूट लेने की पूरी कहानी जिला चर्चा का विषय बना हुआ है.
.
Tags: Bihar News, Katihar news, Viral video
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 18:26 IST






