NH पर हादसा, ट्रैक्टर से भिड़ंत में उड़े वैगनआर के परखच्चे, रिटायर्ड थानेदार, पत्नी सहित 3 की मौत


झज्जर. हरियाणा के झज्जर में एक एक भीषण सडक़ हादसा हुआ है. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में हरियाणा पुलिस का रिटायर्ड थानेदार चंद्रगुप्त उसकी पत्नी ओमवती और चाची कोशल्या शामिल हैं. सभी वैगन आर गाड़ी में सवार होकर अपने गांव ब्राह्मणवास जा रहे थे कि बीच रास्ते यह हादसा हो गया. जांच अधिकारी थाना माछरौली से आए एएसआई मनोज कुमार ने कहा है कि हादसा झज्जर-रिवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव कुलाना के चौक पर हुआ. यहां विपरीत दिशा से आए पानी से भरे एक ट्रैंकर से वैगन आर कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई.

ये टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वैगन आर गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चें उड़ गए. हादसे के दौरान जहां दोनों महिलाओं ने मौके पर दम तोड़ दिया, वहीं चंद्रगुप्त ने उपचार के लिए ले जाए जाने के दौरान बीच रास्ते दम तोड़ दिया. हादसे के दौरान घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. जिस किसी ने भी हादसे को देखा तो तुरन्त ही काफी लोग कार में सवार लोगों को कार से निकालने के लिए दौड़ पड़े लेकिन जब तक इन सभी को कार से निकाला जाता तब तक दोनों महिलाएं दम तोड़ चुकी थीं. लोगों ने जैसे-तैसे चंद्रगुप्त को समय रहते उपचार कराने के लिए झज्जर की ओर रूख किया लेकिन चंद्रगुप्त ने भी बीच रास्ते दम तोड़ दिया.

हादसे की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हादसा स्थल का जायजा लिया और मृतक महिलाओं के शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए उन्हें झज्जर एम्बूलैंस से झज्जर नागरिक अस्पताल भेजा. जानकारी के मुताबिक हरियाणा पुलिस का रिटायर्ड थानेदार चंद्रगुप्त पुत्र भोलाराम अपनी पत्नी व चाची को झज्जर से दवाई दिलवाने के बाद अपने गांव ब्राह्मणवास जिला गुरूग्राम जा रहा था. बीच रास्ते में ही यह हादसा हो गया. हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक अपने ट्रैक्टर को मौके पर छोडक़र फरार हो गया.

पुलिस ने मृतकों के शवों का झज्जर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उनके परिजनों के हवाले कर दिया. इस मामले मेें पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार है. जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी.

Tags: Haryana news, Jhajjar news, Road accident

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More