
पीयूष शर्मा/मुरादाबाद. भयंकर गर्मी ने बच्चों की सेहत को खराब करना शुरू कर दिया है. गर्मी की वजह से बच्चे संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं. उल्टी दस्त, पेट दर्द, तेज बुखार आदि से पीड़ित बच्चों की संख्या इतनी तेजी के साथ बढ़ी है कि जिला अस्पताल में बच्चा वार्ड लगभग फुल हो गया है. जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक एवं बालरोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि काफी संख्या में बच्चे वार्ड में भर्ती हैं. इस मौसम में बच्चों को डायरिया, गेस्ट्रोएंटाइटिस आदि से बचाने के लिए उनके खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
हफ्तेभर से पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है. काम के लिए घर से निकले लोगों को अचानक थकान व कमजोरी के साथ चक्कर, बेहोशी के मामले अचानक से बढ़ गए हैं. डॉक्टरों ने इस स्थिति को हीट एक्जॉशन बताते हुए गर्मी के कम नहीं होने तक बहुत ज्यादा एहतियात बरतने को कहा है.
कई मरीजों को चढ़ानी पड़ती है ड्रिप
फिजीशियन डॉ. आरसी अग्रवाल ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के बीच शरीर में पानी व सोडियम की कमी होना हीट एक्जॉशन का बड़ा कारण बन रहा है. डॉ. विजय अग्रवाल ने बताया कि अचानक अत्यधिक कमजोरी व पसीना आने के साथ ही मरीज का ब्लड प्रेशर घटने के मामले बढ़ गए हैं. हीट स्ट्रोक की दहलीज पर पहुंचे कई मरीजों को ड्रिप चढ़ाने की जरूरत पड़ रही है.
इन बातों का रखें ध्यान
- बहुत जरूरी होने पर ही दिन के समय घर से बाहर निकलें.
- दिन में बाहर जाने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। पानी की बोतल अपने साथ में रखें.
- नींबू की शिकंजी बनाकर बोतल में अपने साथ रखना भी फायदेमंद होगा.
- पानी व नींबू की शिकंजी थोड़ी थोड़ी देर बाद घूंट-घूंट करके पीते रहें.
- खीरा, ककड़ी, तरबूज आदि पर हल्का नमक छिड़ककर खाना फायदेमंद होगा. इससे सोडियम की कमी नहीं होगी.
- अचानक कमजोरी, थकावट, बेचैनी होने पर ओआरएस का घोल पिएं और डॉक्टर को दिखाएं.
.
Tags: Latest hindi news, Local18, Moradabad News, UP news
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 17:10 IST






