
Rajkamal Prakashan Online Book Fare: हिंदी साहित्य प्रकाशन की दुनिया में चर्चित पब्लिकेशन ग्रुप राजकमल प्रकाशन समूह ऑनलाइन पुस्तक मेला का आयोजन कर रहा है. यह मेला 25 जून तक चलेगा. राजकमल प्रकाशन का यह दूसरा ऑनलाइन बुक फेयर है. पहले ऑनलाइन बुक फेयर में 40 से अधिक देशों के पुस्तकप्रेमियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. दावा किया गया है कि अभी तक केवल हिंदी ही नहीं वरन् अंग्रेजी और अन्य किसी भी भाषा के प्रकाशकों ने पाठकों के लिए इस तरह का कोई आयोजन नहीं किया गया.
जानकारी के अनुसार, इस बार ऑनलाइन बुक फेयर में पिछले साल की तुलना में ज्यादा पुस्तकें उपलब्ध होंगी, जिसमें नई-पुरानी सभी पुस्तकें शामिल हैं. राजकमल प्रकाशन समूह की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुक फेयर के लिए विशेष रूप से हाल में प्रकाशित 350 से अधिक नई पुस्तकों की अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं. इसमें 75 से अधिक उपन्यास, 40 से अधिक कहानी संग्रह, 65 से अधिक कविता संग्रह और 25 से अधिक आलोचना की पुस्तकें शामिल हैं. खास बात ये है कि इस बुक फेयर में किताबों की खरीद पर शानदार डिस्काउंट भी दिया जा रहा है. आप 50 प्रतिशत की छूट पर किताबें खरीद सकते हैं.
पुस्तकों के साथ बिताएं गर्मी की छुट्टियां
इस समय देशभर के ज्यादातर हिस्सों में लोग गर्मी की छुट्टियां मना रहे हैं. ऐसे में पुस्तकप्रेमी खाली समय का उपयोग अपनी पसंद की पुस्तकें पढ़ने में कर सकते हैं. पाठकों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए राजकमल प्रकाशन समूह की ओर से ऑनलाइन बुक फेयर का आयोजन किया जा रहा है. ऑनलाइन बुक फेयर में अलग-अलग आयु वर्ग के लिए विभिन्न विधाओं की पुस्तकों के सेट उपलब्ध हैं. पाठक यहाँ से पुस्तकें खरीदकर अपने पुस्तकप्रेमी प्रियजनों को भेंट भी कर सकते हैं.
राजकमल प्रकाशन समूह के कार्यकारी निदेशक आमोद महेश्वरी ने कहा कि श्रेष्ठ पुस्तकों का प्रकाशन और उन्हें अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचाने के लिए उनका समूह प्रतिबद्ध है. प्रत्येक पुस्तकप्रेमी के हाथों में उसकी पसंद की पुस्तकें बिना किसी बाधा के पहुंचे, यही उनकी प्राथमिकता है.
अमोद माहेश्वरी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण दो साल तक विश्व पुस्तक मेला सहित इस तरह के सभी आयोजन नहीं हो पाए थे. इसलिए पाठकों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए हमने ऑनलाइन बुक फेयर आयोजित किया. पिछले वर्ष के ऑनलाइन बुक फेयर में हमने पुस्तकों के प्रति पाठकों में अपार उत्साह देखा. हमें देशभर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले पाठकों के अलावा दुनियाभर के देशों से हिंदी प्रेमी पाठकों से पुस्तकों के ऑर्डर मिले. उस उत्साह और सहयोग ने हमारा मनोबल बढ़ाया और हमने इस वर्ष भी ऑनलाइन बुक फेयर आयोजित करने का फैसला किया है. जो पाठक किसी वजह से पुस्तकों की खरीदारी के लिए दुकानों तक नहीं जा सकते हैं, उन्हें हम घर बैठे ही उनकी मनपसंद पुस्तक पहुंचा देंगे.
एक क्लिक की दूरी पर बुक फेयर
राजकमल प्रकाशन समूह के ई-कॉमर्स प्रमुख मिथिलेश ध्यानी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में हमारी ज्यादातर जरूरतें डिजिटल माध्यम से पूरी होने लगी है. जिस तरह ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर बाकी सभी चीजें सेल पर उपलब्ध होती है, उसी तरह पुस्तकप्रेमियों के लिए यह ऑनलाइन बुक फेयर ज्यादा पुस्तकें खरीदने के लिए एक बेहतर मौका होगा. दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले वे लोग जो विश्व पुस्तक मेला में नहीं आ पाए थे, उनके लिए घर बैठे अपनी पसंद की पुस्तकें ज्यादा खरीदने के लिए यह अच्छा अवसर है. अब उनके लिए बुक फेयर सिर्फ एक क्लिक की दूरी पर है.
.
Tags: Books, Hindi Literature, Hindi Writer, Literature
FIRST PUBLISHED : June 16, 2023, 12:37 IST






