गंडक नहर टूटने से सीवान में बाढ़ जैसे हालात, गांव में घुसा पानी, बांध न बना तो इतने लोग होंगे प्रभावित

अंकित कुमार सिंह/सीवान : बिहार के सीवान में मानसून आने के पहले ही बाढ़ जैसा नजारा देखने को मिला. जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. मामला जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड का है, जहां गंडक नहर का बांध टूटने की वजह से खवासपुर गांव में पानी प्रवेश कर गया.

पानी प्रवेश करने से पूरे गांव में पानी भर गया और नजारा बाढ़ जैसा प्रतीत होने लगा. वहीं एका-एक गांव में तेज रफ्तार से पानी घुसने से लोग इधर-उधर भागने लगे. हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ है. वहीं बांध बांधने की कड़ी मशक्कत चल रही है. हालांकि अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है.

गांव में पानी प्रवेश करने पर लोगों को चला मालूम
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंडक नहर के बांध में चूहों और जंगली जानवरों ने खुदाई कर दी थी.जिस वजह से धीरे-धीरे पानी रिसता रहा और इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया. जब पानी की तेज रफ्तार ने बांध में बड़ा होल बना दिया और पानी फैलकर गांव में प्रवेश करने लगा, तब जाकर लोगों को इसकी जानकारी हुई.

लोग इधर-उधर भागते हुए नहर पर पहुंचे. जहां देखा कि गंडक नहर के बांध में बड़ा सा होल बना हुआ था और वहीं से पानी तेज रफ्तार में गांव की ओर जा रहा था. देखते ही देखते पूरे गांव में पानी भर गया और गांव जलमग्न हो गया.

1 सप्ताह पूर्व ही गंडक नहर में आया है पानी
मिली जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व हीधान की रोपाई और खेती-बाड़ी के लिए सिंचाई विभाग की ओर से गंडक नहर में पानी छोड़ा गया था. दो वर्षों के बाद विभाग ने पानी छोड़ा था. इसी बीच जानवरों ने बांध में होल बना दिया था. जिस वजह से पानी बांध को काटते हुए मार्ग बनाकर गांव में प्रवेश करने लगा.

लोगों को सुबह 4 बजे के आस-पास इसकी जानकारी हुई और लोगों ने गंडक विभाग सहित अन्य वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. हालांकि अभी तक बांध को बांधा नहीं जा सका है. बांध को बांधने की हर संभव प्रयास पदाधिकारी कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि पानी की रफ्तार तेज होने की वजह से परेशानी हो रही है.

बांध बनाने में देर हुई तो 7 गांव में घुस सकता है पानी
गंडक नहर के बांध टूटने की वजह से पानी की रफ्तार काफी तेज है. तेज रफ्तार के साथ पानी गांव की ओर बढ़ रहा है. खवासपुर गांव इसकी गिरफ्त में आ चुका है. हालांकि समय रहते बांध को बांधा नहीं जा सका तो 7 गांव में पानी घुसने के आसार दिख रहे हैं. स्थानीय लोगों की मानें तो अब तक खवासपुर गांव में पानी प्रवेश कर अन्य गांव की ओर बढ़ रहा है. वहीं पदाधिकारियों की मानें तो वे हर संभव बांध बांधने का प्रयास कर रहे हैं. वही मौके पर गंडक विभाग के एसडीओ, जेई, रक्षक, एनडीआरएफ के साथ-साथ अन्य जिले के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद है.

Tags: Bihar News, Local18, Siwan news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More