
सीहोर. सीहोर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को ठग लिया गया. दो दर्जन से ज्यादा युवाओं से लगभग 40 लाख रुपए ठग लिए गए. खुलासा तब हुआ जब युवा सरकारी आदेश लेकर नौकरी ज्वाइन करने पहुंच गए. आदेश को नकली बताकर उन्हें वापस भेज दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ठग गैंग की तलाश की जा रही है.
सीहोर जिले के इछावर में ग्रामीण इलाके के भोले-भाले बेरोजगार युवाओं के साथ ठगी की गई है. यहां ठग ने युवाओं को सरकारी नौकरी लगवाने का लालच दिया. इसके एवज में युवाओं से एक से दो लाख रुपए लिए गए. फिर युवाओं को नकली सील साइन वाला फर्जी नियुक्ति पत्र पकड़ा कर भेज दिया. जब यह बेरोजगार युवा जॉइनिंग के लिए पहुंचे तो इन्हें सरकारी दरवाजे से उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा.
फर्जी नियुक्ति पत्र पोस्ट के जरिए भेजे
जालसाज ने युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच दिया था. इसके लिए बकायदा नकली आदेश दिखाकर ग्राम कोटवार के पद पर सीधी भर्ती कराने का भरोसा दिलाया था. इस तरह लगभग 26 बेरोजगार युवाओं से नौकरी दिलाने के एवज में एक से दो लाख रुपए वसूले गए. फिर उन्हें प्रमुख राजस्व सचिव और सीहोर कलेक्टर के नाम से सील और दस्तखत वाले फर्जी नियुक्ति पत्र पोस्ट के जरिए भेजे गए थे.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जब सरकारी नौकरी का आदेश लेकर युवा नौकरी ज्वाइन करने के लिए तहसील पहुंचे तो सच्चाई जानकर उनके होश उड़ गए. तहसील कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यह आदेश एकदम फर्जी है. ऐसे में निराश युवाओं को उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा. जितेंद्र वर्मा नाम के व्यक्ति ने नौकरी के नाम पर उनसे 1 लाख 40 हजार रुपए ले लिए हैं. इछावर थाना प्रभारी उषा मरावी ने बताया कि नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
.
Tags: Crime in MP, MP News Today, Sehore news
FIRST PUBLISHED : June 15, 2023, 18:41 IST






