
रिपोर्ट: सच्चिदानंद
पटना. जरा सोचिए कि आपके घर में मौजूद गैस चूल्हा पासवर्ड से ऑन हो और गैस लीक होते ही अपने आप वह बंद हो जाए, तो कैसा होगा ? चौकिए नहीं.. जनाब, डिजिटल युग है और यहां कुछ भी असंभव नहीं है. इस असंभव को संभव किया है बिहार के मात्र 13 साल के प्रत्युष ने.
मधेपुरा के रहने वाले प्रत्युष ने एक ऐसा गैस चूल्हा बनाया है, जो पासवर्ड से ऑन होता है और गैस लीक होने पर इसमें अलार्म सिस्टम एक्टिव हो जाता है. इसमें यह खासियत है कि अगर कुछ सेकंड से ज्यादा देर तक गैस लीक होता रहा, तो अपने आप पूरे घर की बिजली भी कट जाएगी और सिलेंडर से गैस की सप्लाई भी ऑटोमैटिक बंद हो जाएगी. प्रत्युष ने न्यूज18 लोकल से बात करते हुए बताया कि इसे मार्केट में 3000 रुपए में लाया जा सकता है.
कैसे बना स्मार्ट गैस चूल्हा
बिहार के मधेपुरा जिले के रहने वाले 13 वर्षीय प्रत्युष कुमार ने एक स्मार्ट गैस स्टोव यानी की स्मार्ट गैस चूल्हा बनाया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका ऑटोमैटिक होना है. प्रत्युष बताते हैं कि एक दिन उनके घर में एक छोटे बच्चे ने गैस को ऑन कर दिया. काफी देर तक गैस निकलती रही. तभी उनकी मां किचन में खाना बनाने जा रही थी.
गैस जलाने से पहले आभास हो गया की गैस लीक हो रहा है. अगर यह आभास नहीं होता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. इस घटना का प्रत्युष पर प्रभाव पड़ा और उन्होंने एक स्मार्ट गैस चूल्हा बनाने की सोची. आपको बता दें कि प्रत्युष मधेपुरा के होली क्रॉस स्कूल में पढ़ते हैं.
तीन हजार रुपए में लोगों को मिलेगा
प्रत्युष ने न्यूज 18 लोकल को बताया कि यह स्मार्ट गैस चूल्हा पासवर्ड से ऑन होता है. इसके साथ ही इसमें एक अलार्म लगा हुआ है, जो गैस लीक होने पर बजता है. इसके अलावा अगर गैस लीक होता है, तो शुरुआत में किचन में लगा एग्जास्ट पंखा चालू हो जाएगा और अलार्म भी बजने लगेगा. कुछ देर बाद अपने आप घर की बिजली गुल हो जाएगी और रेगुलेटर से गैस कनेक्शन बंद हो जाएगा. इसको बनाने में उनको करीब 1500 रुपए लगा है. लेकिन उम्मीद है कि यह 3000 रुपए तक लोगों को बाजार में मिलने लगेगा.
.
Tags: Bihar News, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : March 29, 2023, 10:52 IST






