
जबलपुर. जबलपुर के जीएसटी विभाग के रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी डिप्टी कमिश्नर कपिल कांबले सहित अन्य सभी को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 6 दिन की रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया है. मामला पान मसाला बनाने वाली फैक्ट्री पर रेड, फिर फैक्ट्री को सील करने और फिर उसे रिलीज करने के एवज में 1 करोड़ की रिश्वत मांगने से जुड़ा है. सीबीआई ने अफसरों को विशेष अदालत में पेश किया जहां कोर्ट ने आरोपियों को 6 दिन की रिमांड पर सीबीआई को सौंपा है.
पूरे प्रदेश में हड़कंप मचाने वाले इस रिश्वतकांड का खुलासा उस समय हुआ जब नागरथ चौक स्थित जीएसटी कार्यालय में सीबीआई की टीम ने रेड मारी और जीएसटी सुपरिटेंडेंट कपिल कांबले, विकास गुप्ता, इंस्पेक्टर प्रदीप हजारी, इंस्पेक्टर वीरेंद्र जैन एवं एक अन्य अधिकारी को 7 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया.
1 करोड़ रिश्वत की मांग
जीएसटी की टीम ने 18 जून को दमोह के नोहटा में स्थित गोपान तंबाखू प्राइवेट लिमिटेड एवं खवास जी बीड़ी प्राइवेट लिमिटेड में छापा मारा था. वहां जीएसटी जमा न करने पर दोनों फर्मों को सील कर दिया गया था. इस दौरान अधिकारियों ने फर्म के संचालक त्रिलोक चंद सेन से दोनों फर्म्स को रिलीज करने के एवज में 1 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी थी. लेकिन बातचीत के दौरान मामला 35 लाख रुपए में तय हो गया. त्रिलोक चंद जैन ने 25 लाख रुपए दे दिए थे और बाकी के 10 लाख रुपए फैक्ट्री के रिलीज होने के बाद देने का वादा किया गया. लेकिन जीएसटी विभाग के अधिकारी 25 लाख रुपए वसूलने के बाद भी बाकी के 10 लाख मिलने पर ही फैक्ट्री को बंधन मुक्त करने की जिद पर अड़ गए. त्रिलोक चंद जैन ने रिश्वत देने के अलावा 10 लाख रुपए से ज्यादा का टैक्स और पेनाल्टी जमा कर दी थी. सुपरिटेंडेंट कपिल कांबले और अन्य अधिकारी बाद में 7 लाख रुपए और लेने पर अड़े रहे.
ये भी पढ़ें- CBI Action : 7 लाख की रिश्वत लेते ऐसे पकड़े गए जीएसटी डिप्टी कमिश्नर, मसाला व्यवसायी से मांगे थे 1 करोड़ रुपए
अफसरों के घर में मिले 83 लाख रुपए
फैक्ट्री संचालक त्रिलोक चंद सेन ने 12 जून को सीबीआई में जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायत कर दी. सीबीआई ने शिकायत की पुष्टि की और 7 लाख रुपयों के साथ उन्हें जीएसटी कार्यालय भेजा जहां 13 जून की शाम को सीबीआई ने सभी अधिकारियों को रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई ने जब इस रिश्वतकांड में शामिल सुपरिटेंडेंट और इंस्पेक्टर्स के घर और ऑफिस की जांच की तो वहां कुल 83 लाख 26 हजार रुपए भी मिले.
-जीएसटी सुपरिटेंडेंट प्रदीप कांबले के घर से मिले 3 लाख रु
-जीएसटी इंस्पेक्टर प्रदीप हजारी के घर से मिले 41 लाख और ऑफिस केबिन से मिले 16.88 लाख रु
-जीएसटी इंस्पेक्टर विकास गुप्ता के घर से मिले 18.29 लाख रु और ऑफिस केबिन से मिले 1.50 लाख रु
-जीएसटी इंस्पेक्टर वीरेंद्र जैन के ऑफिस केबिन से मिले 2.60 लाख रु
इस तरह जीएसटी अधिकारियों के घर से कुल 62.29 लाख रु और ऑफिस केबिन से कुल 20.97 लाख रु बरामद हुए.
6 दिन की रिमांड
बहरहाल सीबीआई ने विशेष कोर्ट में आरोपियों को पेश किया जहां न्यायालय ने सभी आरोपी अधिकारियों को सीबीआई को 6 दिन की रिमांड पर सौंपा है. सीबीआई अब इन अधिकारियों की संपत्ति एवं इनके पूरे कार्यकाल के संबंध में पूछताछ एवं जांच करेगी. इसके बाद 20 जून को सभी को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा.
.
Tags: Bribe news, CBI investigation, CBI Raid, Gst latest news in hindi, Jabalpur news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 20:07 IST






