हाइलाइट्स
बिपरजाॅय तूफान तबाही मचाने आ रहा है.
सायक्लोन से वाहनों को भारी नुकसान होता है.
इंश्योरेंस कंपनी से डैमेज क्लेम किया जा सकता है.
Car Insurance Claim In Biparjoy: बिपरजॉय तूफान गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा समेत कई तटीय इलाकों में तबाही मचाने के लिए तैयार है. ऐसे में लोग अपने घर और गाड़ियों को होने वाले नुकसान को लेकर परेशान हैं. हर साल चक्रवाती तूफान देश के तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाते हैं. इससे घर और गाड़ियों समेत कई चीजों को बहुत नुकसान पहुंचता है. चक्रवाती तूफान से कई गाड़ियां पानी में बह जाती हैं तो कई गाड़ियां तेज हवा के कारण टूट-फुट जाती हैं. ऐसे में आपको आपकी गाड़ी के इंश्योरेंस से क्या फायदा मिल सकता है, यह जानना बेहद जरूरी है.
कार इंश्योरेंस पॉलिसी किसी भी अन्य तरह की इंश्योरेंस पॉलिसी के जैसे ही काम करती है. यानी जब दुर्घटना हो जाए या कोई नुकसान हो जाए तो बीमा कंपनी उसकी भरपाई करती है. ये दुर्घटना इंसानी कारणों से हो सकती है और प्राकृतिक कारणों से भी. आंधी या तूफान में अगर गाड़ी को नुकसान होता है तो बीमा कंपनी कितनी भरपाई करती है या नहीं, आइये जानते हैं…
कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस फायदेमंद
आपको बता दें कि आपकी गाड़ी की इंश्योरेंस पॉलिसी वाहन को हुए नुकसान को कवर करती है. इसमें चोरी किसी प्राकृतिक आपदा से नुकसान जैसी चीजें आती हैं. लेकिन यह इसपर निर्भर करता है कि आपने किस तरह की पॉलिसी ले रखी है. आमतौर पर वाहन के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस और कॉम्प्रिहेंसिव पॉलिसी होती है. थर्ड पार्टी इंश्योरेंस पॉलिसी में आपकी गाड़ी से दूसरे व्यक्ति को हुए नुकसान की भरपाई की जाती है. इसमें आपकी गाड़ी को हुए नुकसान (ओन डैमेज) का कवरेज नहीं मिलेगा. वहीं, अगर आपने कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस पॉलिसी ले रखी है तो आपको इसमें थर्ड पार्टी के साथ-साथ ओन डैमेज कवर भी मिलेगा.
सायक्लोन में कार के इंजन को नुकसान पहुंचने की अधिक संभावना रहती है.
अब यहां ध्यान देने वाली बात है कि आप अपनी गाड़ी के अलग-अलग पार्ट्स के लिए ऐड-ऑन कवर ले सकते हैं. तूफान या चक्रवात के समय कार के इंजन को नुकसान पहुंचने की अधिक संभावना रहती है. कार के इंजन के पार्ट्स महंगे भी आते हैं. ऐसे में अगर आपने इंश्योरेंस पॉलिसी में इंजन कवर ऐड करवाते हैं, तो इंजन को नुकसान पहुंचने पर आपको कवर मिलेगा.
क्या तूफान में खराब होने पर मिलेगी नई गाड़ी?
अगर आप सोच रहे हैं कि तूफान या चक्रवात में अगर आपकी गाड़ी बह जाए या खराब हो जाए तो आपको इंश्योरेंस कंपनी से नई गाड़ी मिल जाएगी, तो ऐसा नहीं है. दरअसल, प्राकृतिक आपदा में कार के पूरी तरह खराब होने पर बीमा कंपनी गाड़ी की इंश्योर्ड डिक्लेयर्ड वैल्यू (IDV) का भुगतान करती है. ये वो रकम होती है जो आप अपनी गाड़ी के लिए तय करते हैं. गाड़ी का पूरा नुकसान होने पर यही रकम बीमा कंपनी आपको देती है. इसलिए पॉलिसी साइन करते समय इंश्योर्ड डिक्लेयर्ड वैल्यू जरूर चेक कर लें.
ये गलती की तो नहीं मिलेगा क्लेम
प्राकृतिक आपदा के समय अगर आपकी गाड़ी को खड़े रहने पर नुकसान हुआ है तभी बीमा कंपनी क्लेम को संज्ञान में लेगी. अगर गाड़ी चलाते समय आपदा से नुकसान पहुंचा है तो बीमा आवेदन खारिज हो सकता है. इसके अलावा चक्रवात के ठीक पहले ऐड ऑन कवर नहीं खरीद सकते. ये सारे ऐड ऑन कवर मुख्य बीमा पॉलिसी लेते समय ही खरीद सकते हैं या पुरानी पॉलिसी को रिन्यू कराते समय.
.
Tags: Auto News, Car insurance, Cars
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 19:45 IST






