
भोपाल. विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया को आज बड़ा झटका लगा. सिंधिया साथ बीजेपी में गए उनके करीबी बैजनाथ यादव अपने समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. कांग्रेस ने कहा आगे आगे देखिए होता है क्या. बस सिंधिया को छोड़ उनके बाकी सारे साथी कांग्रेस में लौट आएंगे.
2018 में 15 साल का वनवास खत्म कर सत्ता में पहुंची कांग्रेस को ज्योतिरादित्य सिंधिया के दल बदल के कारण कुर्सी खोना पड़ी थी. अब 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने सिंधिया को टारगेट करना शुरू कर दिया है. भोपाल में आज सिंधिया के करीबी बैजनाथ यादव, विनय यादव, नीरज सिंह, रामवीर यादव समेत उनके कई समर्थक और नेता कांग्रेस में शामिल हो गए. पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई.
सिर्फ सिंधिया रह जाएंगे बीजेपी में
सिंधिया समर्थकों के कांग्रेस में आने की देर थी कि पूर्व मंत्री और पीसीसी चीफ रहे अरुण यादव ने बयान देने में नहीं की. उन्होंने कहा बीजेपी में भगदड़ मची है. प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं. अरुण यादव ने कहा अब बीजेपी में अकेले सिंधिया रहेंगे. सिंधिया समर्थक विधायक, पूर्व विधायक, कार्यकर्ता जो बीजेपी में घुटन महसूस कर रहे हैं. समय आने पर वह कांग्रेस पार्टी में लौटेंगे. अरुण यादव ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए मूल कांग्रेसी वापस पार्टी में लौटेंगे. इसके अलावा भाजपा के भी कई चेहरे कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. यादव ने कहा पुराने कांग्रेसी पार्टी नेताओं के संपर्क में हैं. उन्हें पार्टी में वापस लेने का फैसला संगठन के स्तर पर होगा.
सिंधिया समर्थकों पर नजर
आज प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में सिंधिया के करीबी रहे बैजनाथ यादव अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए. इससे पहले बीजेपी के यादवेंद्र सिंह यादव भी कांग्रेस का हाथ थाम चुके हैं. यादवेंद्र सिंह मुंगावली से पूर्व विधायक देशराज सिंह यादव के बेटे हैं. अब कांग्रेस 2023 के चुनाव में सिंधिया को घेरने में लगी है. कांग्रेस की नजर उन सिंधिया समर्थकों पर है जो घर वापसी करना चाहते हैं.
बीजेपी के पास जवाब नहीं
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सिंधिया के ग्वालियर चंबल पर फोकस बढ़ाने पर बीजेपी ने जवाबी हमला बोला है. प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा भाजपाइयों के कांग्रेस में शामिल होने का बयान सिर्फ राजनीतिक शिगूफेबजी है. चुनाव से पहले कांग्रेस इस तरीके के बयान देकर पार्टी में भेदभाव खड़ा करना चाहती है. लेकिन बीजेपी में कॉन्ग्रेस के झांसे में कोई आने वाला कोई नहीं है.
.
Tags: Bjp madhya pradesh, Jyotiraditya Scindia, Madhya Pradesh Assembly Elections 2023
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 18:26 IST






