
राजनांदगांव. घर बनाने के लिए सीमेंट-गिट्टी, सरिया के साथ-साथ रेत मंगाई. जब डंपर ने घर आकर रेत अनलोड किया, तो उसमें से महिला की सड़ी-गली लाश निकली. यह देखकर वहां पर खड़े लोग हक्का-बक्का रह गए. मकान का निर्माण शुरू होने से पहले पुलिस को बुलाना पड़ा. रेत में दबी लाश कैसे आ गई, इसका फौरी तौर पर कोई जवाब लोगों को सूझ नहीं रहा था. लाश इतनी सड़ चुकी थी कि उसकी पहचान तक कर पाना मुश्किल था.
पूरा मामला राजनांदगांव के बसंतपुर थाना इलाके का है. यहां त्रिवेणी परिसर के पास भवन निर्माण के लिए रेत और अन्य सामग्री मंगाई गई थी. मगर रेत से अज्ञात महिला की लाश मिलने के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. बाद में जब मौके पर पुलिस पहुंची तो उसने बताया कि रेत पास के ही जंगलशेर खदान से लाई गई थी. रेत में जिस महिला की लाश मिली है, वह कौन है, उसका शव रेत में कैसे दबा था, यह पूरा माजरा क्या है, इसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है.
राजनांदगांव के सीएसपी अमित पटेल ने बताया कि बसंतपुर थाना क्षेत्र के रॉयल किड्स स्कूल के पास एक महिला का शव मिला है. उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. डंपर से रेत अनलोड करते समय यह लोगों को नजर आया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मर्ग इंटीमेशन लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रेत माफिया की करतूत तो नहीं
महिला का शव कैसे आया और किसका है, पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा. वहीं स्थानीय लोग रेत के ढेर से शव मिलने के पीछे राज्य में सक्रिय रेत माफिया की ओर इशारा कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि रेत माफियाओं ने नदी किनारे शव दफन कर दिया होगा, जहां से यह लाश उठकर डंपर में आ गई.
.
Tags: CG News, Rajnandgaon news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 17:38 IST






